Aapka Rajasthan

Alwar सरिस्का से होटल व रेस्टोरेंट कितनी दूर, सर्वे में पता चलेगा

 
Alwar सरिस्का से होटल व रेस्टोरेंट कितनी दूर, सर्वे में पता चलेगा

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर सरिस्का से होटल-रेस्टोरेंट कितनी दूरी पर संचालित हैं, इसका खुलासा अब होने जा रहा है। इसी सप्ताह संयुक्त सर्वे की रिपोर्ट आने वाली है। यदि सर्वे में पारदर्शिता बरती गई तो पहले की तरह ही इस रिपोर्ट में भी कई खुलासे होंगे। राजगढ़ के टहला क्षेत्र में दो दर्जन से ज्यादा बड़े होटल राजस्व, नदी, नाले, पहाड़ व सिवायचक की जमीन पर बने हुए हैं। दो से तीन होटल वन विभाग की जमीन पर भी बताए जा रहे हैं। इसका खुलासा करीब डेढ़ साल पहले हुई जांच रिपोर्ट में हो गया है।

यह जमीन अब तक वन विभाग के नाम दर्ज होनी चाहिए थी, लेकिन प्रशासन की ओर से दिलचस्पी नहीं ली गई। करीब 40 हजार हैक्टेयर जमीन वन विभाग के नाम होना बाकी है। अब तक यही माना जा रहा है कि होटल-रेस्टोरेंट बनवाने के लिए प्रशासन जिमेदार है। अफसर ही भू-उपयोग बदलते हैं। होटल संचालकों की ओर से वन विभाग या चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन कार्यालय से एनओसी लेनी होती है, लेकिन अधिकांश के पास नहीं है। अब ये नए सर्वे में खुलासा हो जाएगा। एक प्रशासनिक अधिकारी का कहना है कि जल्द ही इस प्रकरण में अब कार्रवाई होगी।

सरिस्का में तैनात रहे पूर्व अफसरों ने भी सरिस्का के आसपास होटल, रिसॉर्ट बनाए हैं। इसका खुलासा भी इस सर्वे के जरिए हो जाएगा। उन पर भी कार्रवाई तय मानी जा रही है। प्रशासन की ओर से पहले राजगढ़ के टहला क्षेत्र में बने प्रतिष्ठानों का सर्वे करवाया गया था, लेकिन उसमें दो अधिकारियों के हस्ताक्षर न होने पर इस सर्वे पर अफसर यकीन नहीं कर रहे। इस मामले को प्रमुखता से उठाया तो अब दोबारा सर्वे शुरू हुआ है। ये सरिस्का के चारों ओर बने प्रतिष्ठानों का ही सर्वे हो रहा है। ऐसे में सैकड़ों प्रतिष्ठान इस सर्वे के दायरे में आएंगे।