Alwar सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर प्रदेश में सफाईकर्मियों की हड़ताल पिछले तीन दिनों से जारी है। इसके चलते शहर से कचरा नहीं उठ रहा है। गली-मोहल्लों सहित मुख्य सड़कों पर कचरे ढेर लगे हैं। लोगों का इन रास्तों से निकलना भी दूभर हो गया है। उधर निगम प्रशासन ने कोई वैकल्पिक इंतजाम भी नहीं किए, जिसकी वजह से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। गौरतलब है कि सफाई कर्मचारी भर्ती में वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता देने सहित कई मांगों को लेकर पूरे प्रदेशभर में कर्मचारी हड़ताल पर हैं। ऑटो टिपर भी नहीं चल रहे हैं, जिसकी वजह से घरों से भी कचरा नहीं लिया जा रहा है।
होपसर्कस पर तिलक मार्केट के बाहर पिछले दो दिनों से कचरे का ढे़र लगा हुआ हैं। यहां पर्यटकों का आना-जाना रहता है। ऐसे में शहर की छवि खराब हो रही है। बाजार होने के कारण दिनभर यहां खरीददार और दुकानदारों का आना जाना रहता है। कचरे के ढेर के चलते यहां से निकलना मुश्किल हो रहा है। शहर में भ्रमण के लिए आ रहे पर्यटक् भी कचरे के ढे़र के फोटो लेते नजर आए।