Aapka Rajasthan

ज्ञानदेव आहूजा का विवादों से रहा है चोली-दामन का साथ, गंगाजल विवाद से पहले इन मामलों में घिर चुके है BJP विधायक

 
ज्ञानदेव आहूजा का विवादों से रहा है चोली-दामन का साथ, गंगाजल विवाद से पहले इन मामलों में घिर चुके है BJP विधायक 

राजस्थान के एक बीजेपी नेता ज्ञानदेव आहूजा ने राजस्थान में सियासी भूचाल ला दिया है। कांग्रेस के दलित नेता टीकाराम जूली के स्थानीय मंदिर में पूजा करने के बाद उन्होंने परिसर को गंगाजल छिड़ककर 'शुद्ध' किया। वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और विरोध जताया। वहीं, बीजेपी ने अपने ही नेता के बयान से किनारा कर लिया। आपको बता दें कि ज्ञानदेव आहूजा साल 2016 में दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय को लेकर भी विवादित बयान दे चुके हैं। तो, विस्तार से जानिए कौन हैं बीजेपी के फायरब्रांड नेता ज्ञानदेव आहूजा।

कौन हैं बीजेपी नेता ज्ञानदेव आहूजा
अलवर की रामगढ़ विधानसभा सीट से कई बार विधायक चुने जा चुके ज्ञानदेव अपने छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य भी रहे हैं। 1 अक्टूबर 1950 को राजस्थान के ब्यावर शहर में जन्मे आहूजा ने 12वीं तक पढ़ाई की है। इससे पहले वे पत्रकार भी रह चुके हैं। वे वर्तमान में बंद हो चुके साप्ताहिक 'मत सम्मत' के प्रबंध संपादक रह चुके हैं। आहूजा पहली बार 1998 में भाजपा के टिकट पर राजस्थान विधानसभा के लिए चुने गए थे, जिसके बाद 2003 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2008 और 2013 में वे फिर भाजपा के टिकट पर चुने गए। मूंछों के लिए मशहूर आहूजा अलवर के रहने वाले हैं।

2016 में जेएनयू पर दिया था विवादित बयान
ज्ञानदेव आहूजा ने 2016 में भी विवादित बयान दिया था। उस समय उन्होंने एक रैली के दौरान कहा था कि जेएनयू में रोजाना 3 हजार कंडोम मिलते हैं और वहां के युवा रात में नशीले पदार्थ का सेवन कर नंगे होकर नाचते हैं। इसके अलावा वहां पढ़ने वाली बहन-बेटियों के साथ दुष्कर्म करते हैं, जेएनयू में रोजाना 3000 बीयर के डिब्बे और बोतलें, 2000 देसी-विदेशी शराब की बोतलें, 10 हजार से ज्यादा सिगरेट के टुकड़े मिलते हैं। 4 हजार से ज्यादा बीड़ी के टुकड़े, 50 हजार हड्डियों के छोटे-बड़े टुकड़े, 2 हजार चिप्स के पैकेट और नमकीन के रैपर, 500 गर्भपात के इंजेक्शन, 100 सिल्वर रंग के कागज मिले थे। उनके इस बयान पर काफी विवाद हुआ था।

मंदिर में गंगाजल छिड़कने का क्या है विवाद?
अब ज्ञानदेव आहूजा की एक हरकत से फिर विवाद शुरू हो गया है। रविवार को कांग्रेस के दलित नेता टीकाराम जूली ने अलवर शहर में स्थित राम मंदिर में पूजा अर्चना की थी, जिसके बाद भाजपा नेता ज्ञानदेव ने बयान दिया था कि वह मंदिर में गंगाजल छिड़ककर परिसर को शुद्ध करेंगे, सोमवार को उनका मंदिर में गंगाजल छिड़कने का वीडियो सामने आया। जिसके बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।