दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हथियारों के साथ गुंडों की दबंगई! तोड़फोड़ के साथ टोलकर्मियों से की मारपीट, VIDEO वायरल
दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेसवे पर पिनान के पास टोल प्लाजा पर बदमाशों ने तोड़फोड़ की। हथियारों से लैस 5 बदमाशों ने टोलकर्मियों से मारपीट की। सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें बदमाश तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। घटना राजगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार रात 12 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पांच युवक अपने वाहन अंडरपास में छोड़कर पैदल टोल प्लाजा पर आए और अचानक हमला कर दिया। सूचना पर पुलिस और अन्य टोलकर्मी पहुंचे।
तब तक बदमाश भाग चुके थे। बदमाशों के हाथ में पिस्तौल देखकर मौके पर दहशत फैल गई। इससे बाकी वाहन चालक भाग निकले। घटना के बाद ईगल इंप्रा इंडिया लिमिटेड के जीएम रोहित शिंदे टोल प्लाजा पर पहुंचे। वे मीडिया के सवालों से बचते रहे और एनएचएआई पर आरोप लगाकर मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया।
वीडियो में तोड़फोड़ करते नजर आए
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पिनान कट स्थित टोल प्लाजा पर बदमाशों ने टोलकर्मियों पर हमला कर दिया। पिस्तौल और डंडों से लैस बदमाशों ने दो टोल केबिनों में तोड़फोड़ की। दो टोलकर्मी घायल हो गए और दो जान बचाकर भाग गए। हमले के दौरान वाहन भी गुजर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों को मारपीट और तोड़फोड़ करते देखा जा सकता है।
