Aapka Rajasthan

वन प्रेमियों के लिए आयी अच्छी खबर, सरिस्का में एसटी-12 तीसरी बार बनी मां, बढ़ा बाघों का कुनबा

 
वन प्रेमियों के लिए आयी अच्छी खबर, सरिस्का में एसटी-12 तीसरी बार बनी मां, बढ़ा बाघों का कुनबा 

अलवर न्यूज़ डेस्क, राजस्थान के सरिस्का टाइगर रिजर्व से एक बार फिर सुखद खबर सामने आई है। बाघिन एसटी 12 ने 3 नए शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही अब सरिस्का में कुल 33 टाइगर हो गए हैं। जिनमें 25 बाघ-बाघिन और 8 शावक है। खास बात ये है कि ये तीसरा मौका है जब बाघिन एसटी 12 ने एक साथ तीन शावकों को जन्म दिया है।  जानकारी के मुताबिक सरिस्का टाइगर रिजर्व्स के तालवृक्ष रेंज में बाघिन एसटी 12 को 3 नए शावकों के साथ कैमरे में कैद किया गया। इसके बाद वन मंत्री संजय शर्मा को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि तीनों नए शावक करीब डेढ़ माह से अधिक उम्र के लग रहे हैं। लेकिन, सरिस्का प्रशासन को अब कैमरा ट्रैप के जरिए नए शावकों के बारे में जानकारी मिली है। बता दे कि अब सरिस्का में और अधिक संख्या में टाइगर की साइटिंग हो सकेगी। इसके अलावा पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा देखने को मिलेगा।

तीसरी बार मां बनीं ST-12
 
जानकारी के मुताबिक सरिस्का टाइगर रिजर्व्स के तालवृक्ष रेंज में ST-12 तीसरी बार मां बनी है। ST-12 ने तीनों बार ही तीन-तीन शावकों को जन्म दिया है। पहली बार ST-12 ने साल 2018 में तीन शावकों को जन्म दिया था, जिनको एसटी-19, एसटी-20 और एसटी-21 नाम दिया गया था। इसके बाद साल 2020 में ST-12 ने दूसरी बार तीन शावकों को जन्म दिया था, जिनको एसटी-23, एसटी-24 और एसटी-25 नाम दिया गय था।


सीएम बोले-शानदार खुशखबरी
 
नए शावकों के जन्म पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि शानदार खुशखबरी। सीएम ने एक्स पर लिखा कि सरिस्का टाइगर रिजर्व्स के तालवृक्ष रेंज में बाघिन एसटी 12 को 3 नए शावकों के साथ कैमरे में कैद किया गया है, जिसके साथ अब सरिस्का में 25 वयस्क बाघ और 8 शावक की कुल संख्या है। अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र के लिए प्रकृति के अद्वितीय विरासत, बाघों का होना अत्यंत आवश्यक है। शक्ति, खूबसूरती व सामर्थ्य के प्रतीक, 'राष्ट्रीय पशु' बाघ के संरक्षण-संवर्धन के लिए हमारी सरकार संकल्पबद्ध है।