Alwar में फैक्ट्री हादसा, 25 फीट ऊंची सीढ़ी से गिरने पर कर्मचारी की मौत
जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित हिंद केमिकल पाउडर फैक्ट्री में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम कर रहे एक कर्मचारी की 25 फीट ऊंची सीढ़ी से गिरने पर मौत हो गई।
हादसा गुरुवार रात करीब 9 बजे हुआ। मृतक की पहचान प्यारेलाल (50) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह फैक्ट्री परिसर में सीढ़ी पर चढ़कर काम कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।
सहकर्मियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा कार्य के दौरान संतुलन बिगड़ने से होना सामने आया है। वहीं परिजनों में घटना के बाद शोक की लहर है।
