अलवर में युवक पर श्वान का खौफनाक हमला! होठ-नाक और गाल को बनाया निशाना, आंख के पास भी गंभीर घाव

अलवर में कुत्तों के हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोमवार को जिले के नौगांवा क्षेत्र के मनकी गांव में कुत्तों के हमले में 33 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक का पूरा चेहरा जख्मी हो गया। घायल महेंद्र कुमार का अलवर के राजकीय जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कुत्ते के हमले से महेंद्र कुमार के एक दोस्त को मामूली खरोंचें आईं, वहीं जब महेंद्र उसे बचाने आया तो कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया। उसके पूरे चेहरे को नोच डाला। आंख के पास भी चोट आई। फिर कई लोगों ने मिलकर कुत्ते को भगाया। डॉक्टरों ने बताया कि महेंद्र की हालत गंभीर है।
आवारा कुत्ते ने किया हमला
घायल महेंद्र कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ डंपर से मलबा उतार रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने लोगों पर हमला कर दिया। पहले उसने मेरे दोस्त पर झपट्टा मारा, फिर मुझ पर हमला कर दिया। उसने मेरे चेहरे को बुरी तरह नोच डाला। आंख का सिर्फ थोड़ा सा हिस्सा ही बचा है।