Aapka Rajasthan

Alwar में दीक्षार्थी चन्द्र प्रकाश जैन का वरघोड़ा निकला, 18 को लेंगे दीक्षा

 
Alwar में दीक्षार्थी चन्द्र प्रकाश जैन का वरघोड़ा निकला, 18 को लेंगे दीक्षा
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर शहर के रंग भरियान की गली निवासी चंद्रप्रकाश जैन हरसाना वाले आगामी 18 अप्रेल को आबू पर्वत पर श्रवण संघीय उप प्रवर्तक विनय मुनि साहब बागिश आदि ठाणा चार के सानिध्य में भागवती दीक्षा लेंगे। दीक्षा से पूर्व इनका वरघोड़ा बैँडबाजे के साथ सुबह 9.30 बजे उनके निवास रंग भरियान की गली से निकाला गया, जो शहर के जगन्नाथ मंदिर, बीच का मोहल्ला, मुंशी बाजार, त्रिपोलिया, बजाजा बाजार, होप सर्कस, पुलिस कंट्रोल रूम मार्गों से होता हुआ बस स्टैंड मार्ग महावीर भवन पहुंचा। बीच का मोहल्ला, मुंशी बाजार, बजाजा बाजार सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर दीक्षार्थी चंद्र प्रकाश जैन का माल्यार्पण और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

निवास पर गाए गए बधाई गीत : इससे पहले सुबह उनके निवास पर दीक्षार्थी चंद्र प्रकाश जैन को दूल्हे की तरह सजाया गया। इनका श्रृंगार किया गया। बरघोडा से पहले बधाई गीत गाए गए, नमोकार मंत्र का पाठ हुआ। इनके निवास पर जैन धर्मावलंबियों की भीड़ लगी रही। इस मौके पर उनके निवास पर पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, पल्लीवाल जैन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष त्रिलोक चंद जैन, अशोक पालावत सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।

दीक्षार्थी का जीवन परिचय: दीक्षार्थी चंद्र प्रकाश जैन का जन्म अलवर के रंग भरियान की गली निवासी ओम प्रकाश जैन के घर 10 अक्टूबर 1988 को हुआ। इन्होंने 11 वीं तक की शिक्षा ली और पिता के साथ व्यवसाय करते हैं। पिता की मौत के बाद चंद्र प्रकाश जैन का रुझान जैन श्वेताम्बर साधुओं की तरफ हुआ। दो साल पहले चन्द्र प्रकाश जैन ने दीक्षा लेने का मानस बनाया। गुरु विनय मुनि ने वैराग्य पथ पर चलने की शिक्षा दी। जैन शास्त्रों की विधिवत पढ़ाई शुरू की गई। दीक्षा लेने के अनुकूल बनने पर दीक्षा की तारीख तय की गई।महावीर भवन में दीक्षार्थी चंद्र प्रकाश जैन और उनके परिवार का सकल जैन समाज की मौजूदगी में सम्मान किया गया। अभिनंदन पत्र दिया गया। इस अवसर पर मुंशी बाजार जैन मंदिर अध्यक्ष राजेंद्र जैन, खंडेलवाल जैन समाज के प्रवीण जैन, अग्रवाल जैन समाज के रमेश जैन, पल्लीवल जैन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष त्रिलोक चंद जैन सहित अनेक लोग मौजूद थे।