अलवर में दो पक्षों में खूनी झड़प, लाठी-चाकू से हमला; तीन घायल, आरोपी फरार
जिले के विजय मंदिर थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव में महिला से कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के दौरान लाठी और चाकू से जमकर मारपीट हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। पड़ोसियों के एक पक्ष ने कथित तौर पर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, जिसमें पिता-पुत्र सहित तीन लोगों के सिर फट गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों को तत्काल अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस टीमों द्वारा आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक महिला से कहासुनी को लेकर हुई थी, जो बाद में बढ़ते-बढ़ते हिंसक संघर्ष में बदल गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर लिए हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।
