Aapka Rajasthan

Alwar सभा की सफलता के लिए बड़ों से लिया आशीर्वाद, आज प्रवचन

 
Alwar सभा की सफलता के लिए बड़ों से लिया आशीर्वाद, आज प्रवचन
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर मनुमार्ग गुरुद्वारे पर आयोजित किए जा रहे गुरमुख समागम के तहत सोमवार को प्रतापबंध समाधि पर समागम की सफलता की कामना की गई। इस मौके पर संत रैन डा. हर भजन शाह सिंह भी बुजुर्गों से आशीर्वाद लेने पहुंचे। प्रतापबंध समाधि को सजाया गया था। यहां पर कीर्तन व अरदास की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही। मंगलवार को गुरुद्वारा सुखधाम में सुबह 5 बजे से आसा दी वार होगा। इसकी समाप्ति पर प्रात: 8.30 बजे शबद कीर्तन होगा। प्रात: 9 बजे से संत रैन डा. हरभजन शाह सिंह के प्रवचन होंगे।

समागम स्थल पर जोर शोर से हो रही तैयारियां: मुख्य समागम 15 से 17 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। समागम में शामिल होने के लिए देश विदेश से संगत का आना शुरू हो गया है। इनके ठहरने का इंतजाम भी यहां पर किया गया है। फरीदाबाद से आए सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वो हर साल यहां सेवा देने के लिए आते हैं। बीबी अमृत कौर ने बताया कि वो चंडीगढ़ से परिवार के साथ यहां आई हैं। समागम की समाप्ति के बाद ही लौटेंगी।

पार्किंग का किया विशेष इंतजाम: इस कार्यक्रम में प्रतिदिन हजारों की संख्या में संगत दर्शन करने व लंगर करने के लिए आ रही है। इनके वाहनों को रखने के लिए यहां पर मनुमार्ग के मुख्य सड्क मार्ग पर विशेष पार्किंग बनाई गई है। साथ ही कंपनी बाग रोड से आने वाली संगत के लिए सैनी स्कूल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इससे यहां जाम की समस्या नहीं हो रही है। इसके साथ ही जोड़े घर की सेवा के लिए सेवादार दिन रात लगे हुए हैं।समागम स्थल पर छोटे और बडे़ सभी श्रद्धा भाव से सेवा करने में जुटे हुए हैं। यहां आने वाली संगत की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे व एलईडी स्क्रीन का इंतजाम किया गया है। यहां पर सेवा करने वाले पीली टोपी पहने हैं और महिलाओं को पीला दुपटटा दिया गया है। गुरुद्वारे में अरदास करने वाले श्रद्धालुओं को सिर ढ़कने के लिए पीला वस्त्र दिया जाता है।