भाजपा मंडल कार्यकारिणी की घोषणा जल्द, 52 मंडल अध्यक्षों ने 3,796 कार्यकर्ताओं के नाम भेजे

अलवर न्यूज़ डेस्क - भाजपा मंडल कार्यकारिणी की घोषणा जल्द होने वाली है। इसके लिए भाजपा के उत्तर व दक्षिण जिले के 52 मंडलों के 3796 कार्यकर्ताओं के नाम जिला अध्यक्षों के पास आ गए हैं। इन नामों की जांच के बाद जिला अध्यक्ष कार्यकारिणी की घोषणा करेंगे। अलवर उत्तर में 22 व दक्षिण जिले में 30 मंडल हैं। इस तरह 52 मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति हो गई है। मंडल अध्यक्षों ने अपनी कार्यकारिणी के लिए नाम भेज दिए हैं। एक मंडल में 13 पदाधिकारी व 60 कार्यकारिणी सदस्य होंगे। ऐसे में एक मंडल की कार्यकारिणी में 73 कार्यकर्ता होंगे। मंडल अध्यक्ष के अलावा प्रमुख पदाधिकारियों में दो महामंत्री, पांच उपाध्यक्ष, पांच मंत्री व कोषाध्यक्ष शामिल हैं। जिला अध्यक्षों के पास ये नाम पहुंचते ही जांच शुरू हो गई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि देखा जाएगा कि किसी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई है या कोई दागी तो नहीं है। जांच पूरी होते ही कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी।
उपाध्यक्ष व महामंत्री के लिए कई कतार में
जिला कार्यकारिणी उत्तर व दक्षिण में शामिल होने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता कतार में हैं, लेकिन सबसे ज्यादा लोग उपाध्यक्ष व महामंत्री बनने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। कार्यकारिणी में ये पद महत्वपूर्ण होते हैं। इससे कार्यकर्ता का कद बढ़ता है। कोषाध्यक्ष बनने के लिए भी कई कार्यकर्ता आगे आ रहे हैं। अपने हिसाब से सिफारिशें भी कर रहे हैं। पार्टी उन कार्यकर्ताओं को मौका देगी, जिन्होंने विधानसभा चुनाव व लोकसभा चुनाव में मेहनत की है।
जिला कार्यकारिणी में लग सकते हैं तीन माह
जिला कार्यकारिणी की घोषणा में अभी तीन माह का समय और लग सकता है। बताया जा रहा है कि पद चाहने वालों की संख्या ज्यादा है। ऐसे में विरोध के स्वर भी सामने आएंगे। डैमेज कंट्रोल करना होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ऐसे चेहरे लाना चाहती है, जिससे विरोध न हो। इसके लिए पद चाहने वाले लोग बड़े नेताओं के चक्कर लगा रहे हैं। जिला कार्यकारिणी में 3 महामंत्री, 8 उपाध्यक्ष, 8 मंत्री व एक कोषाध्यक्ष शामिल होंगे।