Aapka Rajasthan

Alwar वन मंत्री, महापौर और कलेक्टर के आवास के आसपास जानवर कचरा खा रहे

 
Alwar वन मंत्री, महापौर और कलेक्टर के आवास के आसपास जानवर कचरा खा रहे
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर नगर निगम की नई सफाई व्यवस्था शुरू हुए दूसरा दिन है, लेकिन व्यवस्था पहले से ज्यादा खराब हो गई है।दिलचस्प तो ये है कि वन मंत्री संजय शर्मा, मेयर घनश्याम गुर्जर, कलक्टर आशीष गुप्ता, एसपी आनंद शर्मा, आयुक्त बजरंग सिंह जिन वार्डों में रह रहे हैं, वहां कचरे के ढेर लगे हैं। गायें दिनभर कचरा खाती नजर आती हैं। पार्षदों के अलावा जनता ने कहा कि वीआईपी व बड़े अफसर जहां रहते हैं, वही एरिया साफ नहीं तो वार्डों की दशा कैसे सुधर सकती है।

वन मंत्री व मेयर के वार्ड का ये हाल : वन मंत्री संजय शर्मा भगत सिंह सर्किल के पास रहते हैं। शुक्रवार को उनके आवास के सामने ही कचरे के ढेर लगे रहे। बिजलीघर चौराहे से लेकर भगत सिंह सर्किल के बीच में कई जगह कचरे के ढेर थे। ये शहर का प्रमुख मार्ग भी है। इसी तरह मेयर के वार्ड में अखैपुरा में कचरे के ढेर लगे रहे। गाय वाले मोहल्ले में भी गंदगी रही। अशोक टॉकीज के पास कांजी हाउस के पास भी गंदगी रही।

बड़े अफसरों के घरों के पीछे पशु खाते मिले कचरा

कलक्टर निवास के पीछे एडीएम से लेकर कई अफसर रहते हैं। वहां कचरे के कई ढेर मिले। पशु कचरा खा रहे थे। कलक्टर आवास से ही एसपी आवास सटा है। उसकी बाउंड्रीवाल के पीछे भी कचरा मिला। आयुक्त का आवास पुराने सूचना केंद्र में बना है। उसी के पास नंगली सर्किल है। कंपनी बाग है। दोनों के बीच कचरे के ढेर लगे रहे।

नगर निगम प्रशासन सोया है

जनता का कहना है कि सफाई को लेकर नगर निगम तो सो गया है, लेकिन बड़े अफसर इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहे ? निगम के अफसरों से लेकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे, जबकि नई शर्तों में कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। लोगों का कहना है कि नगर निगम के अफसर शहर की सफाई व्यवस्था देखने के लिए एसी से बाहर निकलें तो व्यवस्था सुधर सकती है। निगम के अफसरों से संपर्क किया गया लेकिन नहीं हो सका।