Aapka Rajasthan

Alwar आप भी सावधान! हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर कर रहे ब्लैकमेल

 
Alwar आप भी सावधान! हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर कर रहे ब्लैकमेल 

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर साइबर फ्रॉड के साथ ही हनी ट्रैप का जाल भी तेजी से बढ़ रहा है। अलवर जिले में कई ऐसे गिरोह सक्रिय हैं, जो कि एक मिशन के रूप में काम कर रहे हैं और लोगों को हनी ट्रैप या सेक्सटॉर्शन के जाल में फंसा रहे और ब्लैकमेल कर मोटी रकम ऐंठ रहे हैं। कुछ सालों में अलवर में हनी ट्रैप और सेक्सटॉर्शन के सैंकड़ों मामले सामने आ चुके हैं।  पुलिस कई गिरोह को गिरफ्तार भी कर सलाखों के पीछे भी भेज चुकी है, लेकिन फिर भी हनी ट्रैप गिरोह का जाल नहीं सिमट रहा। गिरोह के लोग इतने शातिर हैं कि वे ज्यादातर व्यापारी, उद्योगपति और नौकरीपेशा लोगों को अपने टारगेट पर ले रहे हैं।

इतना ही अपने जाल में फंसाने के लिए पुलिसकर्मियों तक को नहीं छोड़ रहे। हाल ही अलवर पुलिस ने हनी ट्रैप गिरोह की सरगना महिला, उसकी दो बहन और एक भाई तथा एक पुलिस कांस्टेबल विनोद कुमार को गिरफ्तार किया था। इस गिरोह ने कुम्हेर थाने के एसएचओ महेन्द्रकुमार राठी व जोबनेर थाने के कांस्टेबल रोहिताश रैगर को हनी ट्रैप में फंसा एक करोड़ ऐंठ लिए थे। इसी गिरोह सरगना महिला इससे पूर्व भी एक एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को जाल में फंसा चुकी है। कुछ सालों में अलवर के कई व्यापारी हनी ट्रैप में फंस चुके। पुलिस के अनुसार 5 साल में जिले में हनी ट्रैप और सेक्सटॉर्शन के 250 से ज्यादा मामले हो चुके हैं।

जिले में हनी ट्रैप और सेक्सटॉर्शन करने वाले कई गिरोह सक्रिय हैं। जिनके खिलाफ पुलिस की ओर से सूचना मिलने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पूर्व में ऐसे कई गिरोह गिरफ्तार किए गए हैं। आमजन को भी ऐसे लोगों से सावचेत रहने की जरूरत है।

यदि कोई अनजान महिला नजदीकी बढ़ाने का प्रयास करें तो उससे सावधान रहें और उसके झांसे में न आएं।

हनी ट्रैप गिरोह की महिलाएं लोगों को मोबाइल कॉल या सोशल मीडिया के माध्यम से सम्पर्क बढ़ाती हैं और फिर झूठे प्यार के जाल में फंसाती है। ऐसी महिलाओं से दूर रहें।

गिरोह की महिलाएं अपने जाल में फंसाकर अकेले में मिलने के लिए बुलाती है तो नहीं जाएं।

अंजान नम्बर से आने वाले वीडियो कॉल अटेंड न करें।

ऐसे किसी गिरोह के जाल में फंसने पर तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।