Aapka Rajasthan

Alwar वसंत पंचमी 14 को मनाई जाएगी, मांगलिक कार्य होंगे

 
Alwar वसंत पंचमी 14 को मनाई जाएगी,  मांगलिक कार्य होंगे
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर माता सरस्वती का प्राकटय दिवस वसंत पंचमी 14 फरवरी को श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस दिन स्कूलों में विद्या की देवी मां सरस्वती का पूजन किया जाता है। वसंत पंचमी पर अबूझ मुहूर्त होने के कारण इस दिन मांगलिक कार्य होते हैं। इसमें विवाह व मूर्ति स्थापना भी होती है। इसके साथ ही अनेक संस्थानों व मंदिरों में सरस्वती की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। बसंत पंचमी से पहले शहर के मूर्तिकार इन दिनों सरस्वती की प्रतिमाओं को तैयार करने में जुटे हुए हैं।

अलवर शहर के परशुराम चौराहा, साठ फीट रोड, टेल्को चौराहा, मूर्तिकार कॉलोनी, अकबरपुर, थानागाजी आदि जगहों पर मूर्तिकार सरस्वती की छोटी व बड़ी प्रतिमाएं बना रहे हैं। परशुराम चौराहा पर मूर्तिकार अरुण कुमार ने बताया कि मूर्ति बनाने के बाद कलाकार इसमें रंग करते हैं, जिससे ये प्रतिमाएं सजीव लगने लगती है। सरस्वती की प्रतिमा को गोल्डन वर्क से सजाया जा रहा है। जिसमें मूर्तियों पर जयपुर से लाया गया गोल्डन कलर किया जाता है। इसको ब्रश से या स्प्रे से लगाया जाता है। इसके लगने के बाद मूर्ति पर चमक आती है। यह रंग मूर्तियों पर पानी डालने के बाद भी लगातार बना रहता है।

इधर, मूर्तिकार रामावतार मिश्र ने बताया कि मां सरस्वती की प्रतिमा सफेद संगमरमर से तैयार की जा रही है। इनकी मांग राज्य में ही नहीं देश विदेश में है। कई माह पहले ही ऑर्डर मिल चुके हैं जिन्हें तैयार किया जा रहा है। छोटी से छोटी प्रतिमा 11 हजार रुपए की है और बड़ी प्रतिमा करीब एक से दो लाख रुपए में बिक रही है। ज्यादातर कारीगर इन दिनों सरस्वती माता की प्रतिमा ही बना रहे हैं। वीणा धारी रूप अधिक पसंद किया जा रहा है। मूर्तिकार राजमिलन ने बताया कि एक प्रतिमा को तराशने में 20 से 25 दिन लगते हैं, इसके बाद पांच दिन तक इसमें फिनिशिंग व रंग करने में लग जाते हैं। एक प्रतिमा एक महीने में बनकर तैयार होती है।