Alwar सिंजारा आज मनेगा, तीज पर कल निकलेगी सवारी
सिंजारा पर आज लगेगी मेहंदी, सगाई भी होगी : तीज से एक दिन पहले मंगलवार को सिंजारा पर्व मनाया जाएगा। इस दिन सगाई का भी शुभ मुहूर्त होता है। इस दिन महिलाएं मेहंदी लगाएंगी और श्रृंगार करेंगी। इस दिन खास तौर से सावन में बनने वाली तीज की मिठाई घेवर खाए जाते हैं। नव विवाहिताओं के लिए सिंजारा पर्व बहुत खास होता है। इस दिन ससुराल से सिंजारा आता है। इसमें घेवर, लहरिया व सौलह श्रृंगार आदि आता है, जिसको नव विवाहिताएं पहनती हैं। पहली तीज और सिंजारा पर ज्यादातर नव विवाहिताएं ससुराल आ जाती हैं।
तीज पर होने वाली घेवर की बिक्री के लिए हलवाइयों और मिष्ठान भंडारों पर एक दिन पहले से ही भीड़ लगने लग गई। मिठाई विक्रेता संजय कुकरेजा ने बताया कि तीज पर इस बार खासतौर से कलरफुल घेवर तैयार किए गए हैं, जो कि स्वतंत्रता दिवस की थीम पर तैयार किए गए हैं। पनीर व मलाई के घेवरों को हरा, केसरिया व सफेद रंग से सजाया गया है। इसके साथ ही गुलाबी रंग में भी तैयार किए हैं। जो कि बहुत पसंद आ रहे हैं। उपहार में भी दिए जाएंगे। घेवर के साथ-साथ फीणी भी खूब बिक रही हैं।
