Aapka Rajasthan

Alwar महावर गोविंददेव मंदिर के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम शुरू, निकाली शोभा यात्रा

 
Alwar महावर गोविंददेव मंदिर के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम शुरू, निकाली शोभा यात्रा

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर बजाजा बाजार स्थित महावर गोविंददेव मंदिर के स्थापना दिवस पर मंगलवार को 3 दिवसीय कार्यक्रम शुरू हुए। पहले दिन भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बुधवार को रामचरित मानस पाठ प्रारंभ होंगे। गुरुवार को हवन और भंडारे का आयोजन होगा। सुबह गणेश पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद अतिथि रतन लाल गुप्ता, सुरेश कुमार गुप्ता हुंंडीवाले, मनोज गुप्ता व सुरेश गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वन राज्यमंत्री संजय शर्मा और महापौर घनश्याम गुर्जर तथा श्रद्धालुओं ने 108 दीपकों से भगवान गोविंददेव जी की आरती की।

मुख्य अतिथि महावर चेरिटेबल ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी आरपी गुप्ता, गुरुदयाल गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता व वयोवृद्ध समाजसेवी बद्रीप्रसाद दोषी ने मंदिर से हरीझंडी दिखाकर शोभायात्रा रवाना की। जन-जन के आराध्य देव भगवान गोविंददेव राधा के संग तिजारा से आए चांदी के रथ में सवार थे। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण 6 सजीव झांकियां थी। इनमें झूला झूलते राधा-कृष्ण, नृत्य करते भगवान, रामदरबार, शिवजी के गणों की तांडव नृत्य प्रस्तुति प्रमुख थी। घोड़ों पर समाज के युवा धर्म ध्वज लिए सवार थे। बैंडबाजे मधुर स्वर लहरियां बिखेर रहे थे।

शोभायात्रा में 301 महिलाएं कलश लेकर और मथुरा से आई 15 सदस्यीय इस्कॉन भजन मंडली वाद्ययंत्रों की धुनों पर नाचते हुए हरे कृष्णा हरे रामा...का संकीर्तन करते हुए चल रही थी। शोभायात्रा में अनेक श्रद्धालु नंगे पैर थे। मार्ग में कई जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से होकर वापस महावर गोविंद देव मंदिर पहुंची। समिति अध्यक्ष त्रिजोगी नारायण गुप्ता व मंत्री दिनेश गुप्ता ने बताया कि 3 दिवसीय श्री गोविंददेव महोत्सव का आयोजन महावर वैश्य सभा और मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है बुधवार सुबह 8 बजे से रामचरित मानस पाठ शुरू होगा।