Aapka Rajasthan

Alwar ये कैसी सफाई, नालों से कचरा निकाल सड़क पर डाल रहे

 
Alwar ये कैसी सफाई, नालों से कचरा निकाल सड़क पर डाल रहे

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर  नगर निगम ने नालों की सफाई तो शुरू करवा दी है, लेकिन कचरा सड़कों पर डाला जा रहा है। इससे यातायात तो बाधित हो ही रहा है। साथ ही, सूखने के बाद कचरा हवा से उड़कर वापस नालों में ही जा रहा है।  नगर निगम ने अभी नालों की सफाई के लिए ढाई करोड़ के टेंडर किए हैं। अभी संबंधित फर्म को वर्कऑर्डर जारी नहीं हुए हैं। पुरानी व्यवस्था से ही नालों की सफाई हो रही है। काली मोरी पर बड़ा नाला है। इसी तरह आरआर सर्किल के पास भी नाले की सफाई की गई। काफी मात्रा में कचरा निकालकर सड़क पर ही डलवा दिया गया। इस कचरे को यहां पड़े करीब 10 दिन हो गए। कचरा सूख भी गया, लेकिन उठाया नहीं जा रहा। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि कई दोपहिया वाहन चालक कचरे व कीचड़ में फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। नगर निगम से कहा गया, लेकिन अब तक कचरा नहीं उठा है। अन्य इलाकों में भी नालों की सफाई के बाद कचरा सड़कों पर ही पड़ा है।

तोलानी रेजिडेंस एरिया में भरा गंदा पानी : तोलानी रेजिडेंस एरिया में जगह-जगह गंदा पानी भर गया है। मच्छर पनप रहे हैं। लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि कभी भी यहां संक्रामक रोग फैल सकते हैं। नगर निगम को इस दिशा में कदम उठाने चाहिए थे लेकिन उनकी कोई बात सुनने को तैयार नहीं है।