Alwar यदि बेहतर यातायात प्रबंधन हो तो चौराहों पर वाहनों की कतारें नहीं लगेंगी

यहां बन सकते हैं स्लिप लेन
अग्रसेन चौराहे से हर दिन हजारों वाहन आते-जाते हैं लेकिन यहां स्लिप लेन नहीं है। जाम के हालात भी इसी कारण यहां बने रहते हैं। जेल सर्किल पर बहरोड़, तिजारा आदि जगहों से हर दिन हजारों वाहन आते हैं। यहां भी जाम जैसे हालात दिन में कई बार बनते हैं। यहां पर यूआईटी की ओर से स्लिप रोड बनाने के लिए फाइल भी चली थी लेकिन इसको उस दौरान आगे नहीं बढ़ाया गया था। भगत सिंह सर्किल के अलावा कई अन्य चौराहों व मार्गों पर स्लिप लेन पर वाहनों की अवैध पार्किंग बनी हुई है। एक्सपर्ट धर्मेंद्र शर्मा कहते हैं कि गौरव पथ पर एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव यूआईटी ने बनाया था। इसकी जगह इस पूरे मार्ग पर जरूरत के हिसाब से स्लिप रोड बनाए जाएं तो बेहतर यातायात प्रबंधन होगा। चौराहों पर वाहनों की कतारें नहीं दिखेंगी। यूआईटी के एक सीनियर अधिकारी का कहना है कि बजट की बैठक में ये प्रस्ताव आ सकता है। मंथन चल रहा है।
यहां स्लिप लेन पर अतिक्रमण
पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर स्लिप रोड बना है। इसका लाभ दो साल पहले वाहन चालकों को मिलता था लेकिन अब ये अवैध पार्किंग के रूप में प्रयोग हो रहा है। वाहन खड़े करने वालों को यहां पुलिस का भी डर नहीं है। यातायात पुलिस इस पर कार्रवाई करती नहीं। नगर निगम अपने अतिक्रमण ही नहीं हटा पाती। ऐसे में उनसे इस कार्य की उम्मीद नहीं की जा सकती। इसी तरह सामान्य अस्पताल के पास स्लिप लेन है। इसके पास नाला भी है जो जाल से ढका है। यहीं पर अतिक्रमण है। यहां से फोर व्हीलर नहीं निकल पाते। इसी तरह वन विभाग के पास स्लिप लेन पर चाट के ठेले लगे हैं। यहां से केवल राहगीर गुजर सकते हैं लेकिन दोपहिया वाहन तक नहीं निकल पाते। आसपास के लोगों के अलावा तमाम बार वाहन चालकों ने खुद स्लिप लेन अतिक्रमणमुक्त की मांग की लेकिन इस पर कार्रवाई नहीं हो पाई।