Aapka Rajasthan

Alwar गुरमुख समागम में बही भक्ति की धारा शबद-कीर्तन से निहाल हुई संगत

 
Alwar गुरमुख समागम में बही भक्ति की धारा शबद-कीर्तन से निहाल हुई संगत

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर  मनुमार्ग गुरुद्वारे में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय गुरमुख समागम के मुख्य आयोजन गुरुवार से प्रारंभ हुए। इस अवसर पर सुबह 9 बजे गुरुद्वारा सुखधाम से नगर कीर्तन प्रारंभ हुआ, जिसमें संत रैन हरभजन शाह सिंह भी शामिल हुए। यह कीर्तन होपसर्कस, मन्नी का बड़, मनुमार्ग होते हुए समागम स्थल पर पहुंचा। इस दौरान संत रैन एक सजे हुए वाहन में सवार रहे। उनके साथ ही पालकी साहब भी वाहन में चल रहे थे। हास्पिटल के नर्सिंगकर्मी व बच्चे भी आगे आगे चल रहे थे। संगत आगे-आगे सड़क बुहारते हुए चल रही थी। वहीं पुष्प बिखरते हुए भी चल रहे थे।

इस दौरान जगह-जगह पर संगत की ओर से स्वागत किया जा रहा था। कहीं पर संगत के लिए फल, मेवा, बिस्किट, मीठा पानी आदि का प्रसाद वितरित किया जा रहा था। इस दौरान ड्रोन कैमरे से पुष्प वर्षा की गई। संत रैन को संगत की ओर से सुरक्षा में ले जाया जा रहा था। इसके लिए वाहन के दोनों तरफ सुरक्षा घेरा बनाया हुआ था। समागम स्थल पर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। सतनाम वाहे गुरु, सतनाम वाहे गुरु का जयकारा लगने से माहौल भक्तिमय बना हुआ था।

रागी जत्थों ने किया शबद कीर्तन : गुरुवार को सुबह आसा दीवार का पाठ भूपेंद्र सिंह फिरोजपुरी ने किया। आरती सुखविंदर सिंह ने की । इसके बाद अखंड पाठ साहिब का पाठ प्रारंभ हुआ। कीर्तन दीवान सजाया गया। जिसमें दिल्ली वाले सुखदेव सिंह, प्रदीप सिंह, अलवर से हरप्रीत सिंह, पुणे से संदीप प्रकाश, सुखविंदर सिंह ने कीर्तन किया। पुनीता एवं साथी ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया।

लंगर व जोड़ा घर की हो रही है सेवा : समागम स्थल पर सुबह व शाम होने वाले लंगर में बड़ी संख्या में संगत पहुंच रही है। लंगर व जोड़ा घर की सेवा के लिए सेवादार आगे बढ़कर सहयोग कर रहे हैं। सैनी स्कूल के बाहर, जलदाय विभाग के समीप व मनुमार्ग आदि जगहों पर सेवा करने वाली संगत नजर आ रही है। लंगर में अधिक लोगों के आने से अतिरिक्त जगह का इंतजाम किया गया है। समागम स्थल पर मीठे पानी आदि का इंतजाम किया गया है।