Aapka Rajasthan

Alwar में गैस संचालक से लूट का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

 
Alwar में गैस संचालक से लूट का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर एनईबी थाना इलाके के जवाहर नगर में 25 फरवरी की रात एक गैस एजेंसी संचालक के पति के साथ हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर लूट की राशि व वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के प्रयास में जुटी है।  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया कि सूर्यनगर निवासी ओमप्रकाश सुमन (52) पुत्र कजोड़मल वर्मा थाने में मामला दर्ज कराया कि उसकी पत्नी के नाम जवाहर नगर मूंगस्का में सुमन गैस एजेन्सी है। वह 23 फरवरी की रात करीब 9 बजे अपनी गैस एजेन्सी से दिनभर का कलेक्शन करीब 3 लाख रुपए और जरूरी कागजात एक पॉलिथीन में रख कार में सवार होकर जवाहर नगर होते हुए अपने घर के लिए रवाना हुए। इसी बीच रास्ते में 200 फीट रोड की तरफ पहुंचते ही दो युवकों ने उनके आगे बाइक लगा दी और कार को रुकवा लिया। इसके बाद बदमाश युवकों ने देशी कट्टा दिखाया और कार में से नकदी और कागजात से भरी पॉलिथीन छीनकर बाइक से फरार हो गए।

आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी दर्ज हैं कई मामले: पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी सतनाम सिंह उर्फ कल्ली ( 23) पुत्र जगीर सिंह निवासी जनता कॉलोनी मूंगस्का के खिलाफ अरावली विहार और एनईबी थाने में 4 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू ( 28) पुत्र रूपसिंह जाट निवासी बरखेड़ा हाल निवास जनता कॉलोनी मूंगस्का के खिलाफ एनईबी और अरावली विहार थाने में 2 आपराधिक प्रकरण दर्ज है।

यूं पकड़ में आए आरोपी

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया। तीनों टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, साक्ष्य और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों को पकड़ा गया है। कुछ मुखबिरों से भी सूचना एकत्रित की गई। इसके बाद आरोपियों को पता चला। आरोपियों ने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन उन्हें पुलिस ने दबोच लिया।