Aapka Rajasthan

Alwar किसानों की बल्ले-बल्ले, PM किसान सम्मान निधि अब 6 की बजाय 8 हजार सालाना मिलेगी

 
Alwar किसानों की बल्ले-बल्ले,  PM किसान सम्मान निधि अब 6 की बजाय 8 हजार सालाना मिलेगी
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर  लेखानुदान में सरकार किसानों पर ज्यादा मेहरबान रही। कुछ घोषणाओं से किसानों की रीढ़ मजबूत होगी। जहां किसानों को गेहूं की फसल ज्यादा मुनाफा देगी। वहीं, गरीब व छोटे किसानों के बच्चों की पूरी पढ़ाई फ्री कर दी गई। यानी सरकार इसका खर्च वहन करेगी। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक किसानों को सालाना 6 हजार रुपए मिलते थे, लेकिन अब 8 हजार रुपए मिलेंगे। इसका लाभ जिले के 4.50 लाख किसानों को मिल सकेगा। इनके पंजीकरण पहले से ही करवाए हुए हैं। किसान गेहूं की पैदावार करता है, लेकिन मुनाफा नहीं मिल पाता था। इसी को देखते हुए गेहूं की एमएसपी तो किसानों को मिलेगी ही। साथ बिक्री करते ही प्रति क्विंटल 125 रुपए ज्यादा मिलेंगे। जिले में करीब ढाई लाख किसान गेहूं की फसल करते हैं। ऐसे में इन्हें सीधा लाभ मिल सकेगा। लागत आदि भी निकल आएगी।

मक्का, सरसों, मूंग का बीज अनुदान पर मिलेगा : मोटा अनाज किसान उगाता था लेकिन बाजार उपलब्ध नहीं हो पाता था। बाजार में उपलब्ध कराने के अलावा मक्का, बाजरा, सरसों, मूंग की फसल को बढ़ावा देने के लिए अनुदान पर उच्च गुणवत्ता का बीज मिलेगा। जिले में मक्के की फसल करीब 20 हजार, सरसों करीब 3 लाख व बाजरा डेढ़ लाख किसान उगाते हैं। इन्हें अनुदान पर बीज मिल सकेगा। गरीब, लघु एवं सीमांत किसानों के पास इतने पैसे नहीं हैं कि बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला पाएं। इनके बच्चों की सरकार केजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई का खर्च उठाएगी।

फार्मपोंड से होगा जल संरक्षण,किसान कर सकेंगे मछली पालन

राजस्थान एग्रीकल्चर इंफ्रा मिशन के तहत प्रदेश में 20 हजार फार्म पॉंड बनाए जाएंगे। जिले में इस साल वाटरशेड विभाग करीब 500 पॉंड बनाएगा। इसकी शुरुआत कर दी गई है। किसान इस तालाब में मछली पालन आदि भी कर सकते हैं। सीएम जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के तहत प्रदेश सरकार 5 हजार गांवों में जल संरक्षण से जुड़े 1.10 लाख काम कराएगी। इस तरह अलवर के हिस्से में भी काम आएगा।