Aapka Rajasthan

Alwar विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का बरसों से हो रहा इंतजार, आस अधूरी

 
Alwar विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का बरसों से हो रहा इंतजार, आस अधूरी
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर में मेडिकल कॉलेज खुलने से लोगों को जिला अस्पताल में सुपर स्पेशिलिटी सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद थी, लेकिन आमजन की आस अभी अधूरी है। यहां मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू होने के बाद भी अभी कई गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध नहीं है। हालांकि अभी हाल ही में प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के लिए 33 तरह की नई फैकल्टी की नियुक्ति को स्वीकृति मिली है। ऐसे में आगामी समय में अलवर मेडिकल कॉलेज को भी कई गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ मिलने की उम्मीद की जा रही है। फिलहाल जिला अस्पताल से बड़ी संख्या में गंभीर प्रकृति के मरीजों को उपचार के लिए रेफर किया जा रहा है।

हर साल बढ़ रहा रेफर का आंकड़ा: जानकारी के अनुसार साल 2022 में जिला अस्पताल से 3209 मरीजों को रेफर किया गया। जबकि 922 मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, साल 2023 में रेफर का आंकड़ा बढ़कर 3635 पर पहुंच गया। यानि रेफर मरीजों की संख्या में 426 और बढ़ गए। इसी तरह मौत का आंकड़ा भी बढ़कर 1050 पर पहुंच गया। इसमें भी साल 2022 की तुलना में 128 मौतें अधिक हुई है। इसके साथ ही रेफर से अधिक संख्या में ऐसे मरीज हैं जो प्राथमिक उपचार के बाद खुद ही मरीज को उच्च चिकित्सा संस्थानों पर इलाज के लिए लेकर चले जाते हैं।जिला अस्पताल में कई गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं है। इसमें हृदय रोग, न्यूरो सर्जन व न्यूरो फिजिशियन, नेफ्रोलोजिस्ट एवं गेस्ट्रोलोजिस्ट सहित कई गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं हैं। इसके कारण केवल सामान्य प्रकृति के मरीजों ही इलाज मिल पाता है। ऐसे में अलवर को विशेषज्ञ चिकित्सक मिलें तो रेफर के आंकड़े का कम किया जा सकता है।