Aapka Rajasthan

Alwar बुजुर्ग महिला को गाय ने उठाकर फेंका, हालत गंभीर

 
Alwar बुजुर्ग महिला को गाय ने उठाकर फेंका, हालत गंभीर 

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर  65 साल की बुजुर्ग महिला को गाय ने सींगो से उठाकर सड़क पर पटक दिया। वह गाय को रोटी खिलाने आई थी। इस घटना में महिला का पेट फट गया। उन्हें पेट में 17 टांकें लगाने पड़े। 5 दिन चले इलाज के बाद महिला को गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी दी गई। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। घटना अलवर शहर में नयाबास अग्रवाल धर्मशाला के पास 8 मार्च शिवरात्रि की है।

सींगों में उठा कर जमीन पर पटका

देवर विष्णु ने बताया- मेरी भाभी चंद्रकांता (64) पत्नी नारायण स्वरूप शिवरात्रि को दोपहर 3 बजे मंदिर से दर्शन कर लौट रही थी। इस दौरान रास्ते में नयाबास अग्रवाल धर्मशाला के पास गाय को रोटी देने लगी। इसी दौरान गाय ने उन्हें सींगों से उठा कर सड़क पर पटक दिया। इससे उनके पेट में चोट लगी। पास ही में होटल में काम कर रहे लोगों ने गाय को शोर मचाकर दूर किया। हमारा घर घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर ही है। ऐसे में पहचान के लोगों ने हमें आकर सूचना दी। घर पर भाभी का छोटा बेटा पंकज था। वो तुरंत उन्हें पास ही के निजी अस्पताल ले गया। जहां 17 टांके लगाए गए हैं। उन्हें डॉक्टर ने दो महीने आराम करने की सलाह दी है। देवर विष्णु ने बताया- लावारिस पशुओं के कारण अलवर शहर में स्कीम 10 में एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। उसे सांड ने मारा था।

तुरंत उठकर खड़ी हुई महिला

CCTV फुटेज में नजर आ रहा है कि बुजुर्ग महिला गाय को रोटी देने पास में जाती है। अचानक गाय उन्हें सींगों में उठा कर पटक देती है। वे गिरती हैं और तुरंत उठकर चल देती है। इसके बाद उन्हें अहसास हुआ कि उनके पेट में सींग घुसने से गंभीर चोट लगी है।