Aapka Rajasthan

Alwar जिलाध्यक्ष बोले-भूपेंद्र ने अहीर रेजीमेंट की आवाज क्यों नहीं उठाई

 
Alwar जिलाध्यक्ष बोले-भूपेंद्र ने अहीर रेजीमेंट की आवाज क्यों नहीं उठाई

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर यादव समाज के निर्वाचित जिलाध्यक्ष भारत यादव सहित समाज के लोगों ने बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर सवाल खड़े किया हैं। मीडिया से बातचीत में जिलाध्यक्ष भारत यादव ने कहा कि बीजेपी के प्रत्याशी भूपेंद्र यादव बड़े नेता है लेकिन उन्होंने समाज के लिए क्या काम किया है। एक अहीर रेजिमेंट बनवाने के लिए समाज सड़कों पर लड़ाई लड़ रहा है। ये कभी नजर नहीं आए। समाज के लोग रेवाड़ी में इनके पास गए थे। तब हमें जवाब मिला था कि जरूरी है क्या बच्चों को फौज में ही भर्ती कराओ। दूसरी कंपनियां भी हैं।  भारत यादव ने कहा कि भूपेंद्र यादव ने यदि कुछ बड़ा काम किया है तो समाज के सामने आकर बताएं। 4 फरवरी 2022 से अहीर रेजिमेंट का आंदोलन चल रहा है। अब तक उस आंदोलन में एक दिन नहीं आए। जबकि यूपी, बिहार से भी यादव समाज के नेता आए हैं। अब हम कैसे एक बाहर से आए नेता पर विश्वास कर लें। जब हमारा अपना नेता (छोरा) खड़ा है। ऐसे में बाहर के नेता से उसे कैसे पिटवा सकते हैं।  इस चुनाव में यादव समाज हमारे अपने के साथ खड़ा होगा। यही बात रखने के लिए हम जिले भर के लोग सामने आए हैं। अब हम खुलकर हमारे अपने बेटे के साथ हैं। ये बड़े नेता जब समाज को जरूरत पड़ी तब आगे नहीं आए। अब समाज कैसे उनके साथ आएगा।

डॉ. करण सिंह यादव सम्मानीय, लेकिन निर्णय गलत

भारत यादव ने कहा कि पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव सबके सम्मानीय हैं। जिन्होंने डॉक्टर रहते हुए जनता की सेवा की। फिर अलवर ही नहीं पूरे प्रदेश के यादव समाज ने उनको सिर आंखों पर बैठाया लेकिन अब विधानसभा व लोकसभा में उनके पसंद के टिकट नहीं मिले तो अनर्गल आरोप लगा दिए। जनता में डॉ. करण सिंह का सम्मान आज भी है। उनको अब भी अपने फैसले पर सोचना चाहिए। यह उनका व्यक्तिगत फैसला है। लेकिन उन्होंने कई गलत बयान भी दिए हैं।

हम किसी पार्टी के नहीं, समाज के लोग

भारत यादव ने कहा कि वह किसी पार्टी का नहीं है। सिर्फ समाज का प्रतिनिधि है। 2019 में समाज ने वोट डालकर मुझे अध्यक्ष बनाया था। उसी नाते आज मैंने जनता की भावना को रखा है। हम लगातार 15 दिनों से फील्ड में हैं। आमजन की भावना सामने आने के बाद ही मीडिया के सामने आए हैं। अब हमने तय कर लिया है कि हम बाहर के नेता का साथ नहीं देंगे।  इस दौरान पार्षद बाबूलाल, गोपीपुरा के देशराज, प्रेम चंद पार्षद तिजारा, सेढूराम सरपंच बिचपुरी, अमर सिंह सरपंच फतियाबाद व नरेश सरपंच सहित काफी लोग मौजूद थे। इन लोगों ने भी कहा कि हम बाहरी के साथ नहीं जाएंगे। जिसका सबसे बड़ा कारण यही है कि भूपेंद्र यादव ने कभी समाज के कार्यों में आगे आकर काम नहीं किया।