Aapka Rajasthan

Alwar जिला प्रमुख छिल्लर और कई नगर पालिका चेयरमैन जल्द ही बीजेपी में हो सकते हैं शामिल

 
Alwar जिला प्रमुख छिल्लर और कई नगर पालिका चेयरमैन जल्द ही बीजेपी में हो सकते हैं शामिल
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर अलवर लोकसभा सीट पर ललित यादव को टिकट देने के साथ ही कांग्रेस में भगदड़ शुरू हो गई है। भाजपा जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर समेत चार नगर पालिकाओं के चेयरमैन ने गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी भूपेंद्र यादव से विधायक जसवंत के आवास पर मुलाकात की। इसका फोटो भी वायरल हुआ। हालांकि छिल्लर ने कहा है कि जसवंत ने पार्टी में आने का न्यौता दिया है, जल्द पत्ते खोलूंगा। उधर, पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव के भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा जिले में तेज है। वहीं एआईसीसी महासचिव जितेन्द्र सिंह ने दावा किया है कि कांग्रेस एकजुट है और ललित यादव चुनाव जीतेंगे। कांग्रेसियों की भूपेंद्र से मुलाकात की फोटो वायरल : बहरोड़ विधायक जसवंत के आवास पर अलवर जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर के अलावा नगरपालिका बहरोड़ अध्यक्ष सीताराम यादव, मुंडावर अध्यक्ष गरिमा सोनू भारद्वाज, बर्डोद पालिका के चेयरमैन सहित कई नेता पहुंचे थे। पूर्व कांग्रेसी नेता बस्तीराम व नीमराणा प्रधान भी यहीं थे। इस दौरान विधायक ने इन सभी नेताओं का लोकसभा प्रत्याशी भूपेंद्र यादव से परिचय करवाया और पार्टी में इनके शामिल कराने की बात कही। इस पर भूपेंद्र यादव ने बुके देकर इनका स्वागत किया। इस स्वागत कार्यक्रम का एक फोटो भी वायरल हो रहा है। इसी बीच कांग्रेसी भी दावा कर रहे हैं कि भाजपा के कई नेता जल्द कांग्रेस का दामन थामेंगे।

छिल्लर के भाजपा में जाने की वजह: छिल्लर विधानसभा चुनाव में मुंडावर व किशनगढ़बास से टिकट मांग रहे थे, लेकिन नहीं मिला। वे अभी खैरथल-तिजारा से जिला पार्षद हैं। ऐसे में उन्हें वहां से चुनाव लड़ना होगा। भाजपा अपना जिला प्रमुख बनाने की तैयारी कर रही है, ऐसे में अलवर में उनकी कुर्सी खतरे में है। उनके कार्यकाल में लिए निर्णयों की जांच भी एसीबी व एसओजी में चल रही है।

मुंडावर विधायक ललित यादव को अलवर लोकसभा का प्रत्याशाी घोषित करने के बाद कांग्रेस में फूट की बात सामने आई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और एआईसीसी के महासचिव जितेंद्र सिंह ने किसी भी तरह की फूट से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि हम एकजुट हैं। मेरी पूर्व सांसद करण सिंह से फोन पर बातचीत हुई है। वो किसी शादी में गए हैं, दो दिन बाद वो कैम्पेन में शामिल होंगे। संदीप यादव से भी बात हुई, वो शुक्रवार से कैम्पेन में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को पिछले दस साल से स्थानीय प्रत्याशी नहीं मिल पा रहा है। इस बार चुनाव में स्थनीय बनाम बाहरी का मुद्दा उठेगा। स्थानीय व्यक्ति के दिल में जनता के लिए दर्द होता है, वह संस्कृति को जानता है। इस बार जनता बाहरी लोगों को बर्दाश्त नहीं करेगी। हमें पूर्ण विश्वास है कि ललित यादव जीतेंगे। भाजपा ने जनता के बीच विश्वास खो दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अलवर में सिर्फ इनके हारे हुए नेता रह गए हैं और कोई नेता इनके साथ नहीं है। कांग्रेस का व्यक्ति इनके झांसे में नहीं आएगा।  लोकसभा का टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रहे पूर्व सांसद डॉ. करण सिहं ने कहा है कि वे लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे थे। लेकिन टिकट काट दिया गया। मैं इससे खुश नहीं हूं। मेरा राजनीतिक कॅरियर प्रभावित किया गया, जो ठीक नहीं है। अब अलवर आकर कार्यकर्ताओं से संपर्क करुंगा, उनका जो निर्णय होगा वही करूंगा।