Aapka Rajasthan

Alwar कांग्रेस ने घोषित किया जिला लोकसभा प्रत्याशी, मैदान में उतरे ललित

 
Alwar कांग्रेस ने घोषित किया जिला लोकसभा प्रत्याशी, मैदान में उतरे ललित
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर लोकसभा सीट पर भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने यादव को ही प्रत्याशी बनाकर मुकाबला रोचक कर दिया है। कांग्रेस ने मुंडावर विधायक ललित यादव को मैदान में उतारा है। महज 34 वर्षीय ललित मुंडावर से पहली बार विधायक बने हैं। इससे पहले 2018 में उन्होंने मुंडावर से कांग्रेस से टिकट मांगा, मगर नहीं मिला तो बसपा से चुनाव लड़े और करीब 52 हजार वोट मिले थे।  भाजपा की ओर से भूपेंद्र यादव को टिकट देने के बाद यही चर्चा थी कि कांग्रेस भी किसी यादव चेहरे को ही मैदान में उतारेगी। इस हिसाब से पूर्व विधायक संदीप यादव और ललित यादव को ही मजबूत दावेदार माना जा रहा था। अब पार्टी ने ललित यादव को टिकट देकर एक युवा पर दाव लगाया है। ललित अभी प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य हैं। इससे पहले वे प्रदेश सचिव भी रह चुके हैं। एनएसयूआई के कॉर्डिनेटर रहने के साथ ही यादव 2011 में राजस्थान विश्वविद्यालय में महासचिव रह चुके हैं।

दोनों ही पहली बार लड़ रहे हैं लोकसभा चुनाव : भाजपा प्रत्याशी भूपेंद्र यादव और कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि भूपेंद्र यादव अभी केंद्र सरकार में वनमंत्री हैं और राज्यसभा सांसद हैं। ऐसे में राजनीतिक अनुभव उनके पास ज्यादा है। हालांकि कांग्रेस ने भी युवा चेहरे ललित को टिकट देकर भाजपा को कड़ी चुनौती देने का प्रयास किया है।

अन्य जातियां तय करेंगी जीत-हार :दोनों पार्टियों से यादव समाज को टिकट मिलने से यह तय हो गया है कि अन्य जातियां ही जीत-हार तय करेंगी। अलवर लोकसभा में 8 विधानसभा सीट आती हैं। इसमें पांच पर कांग्रेस और तीन पर भाजपा का कब्जा है। यादवों के साथ-साथ अलवर में ब्राह्मण और मेव जाति के वोट सर्वाधिक हैं।  अलवर लोकसभा सीट के चुनाव नतीजों पर नजर डालें तो 2004 के बाद यहां दोनों पार्टियों का दबदबा रहा है। वर्ष 2004 में इस सीट पर कांग्रेस के करण सिंह यादव सांसद बने थे। इसके बाद 2009 के चुनाव में कांग्रेस के जितेंद्र सिंह चुनाव जीते और केंद्र में मंत्री भी बने। 2014 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा के महंत चांदनाथ को जीत मिली, हालांकि उनका निधन हो गया और उप चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस के करण सिंह यादव सांसद बने। 2019 के चुनाव में भाजपा के बाबा बालकनाथ सांसद बने।