Aapka Rajasthan

Alwar कांग्रेस शासनकाल में अपग्रेड हुए स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती भाजपा सरकार करेगी

 
Alwar कांग्रेस शासनकाल में अपग्रेड हुए स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती भाजपा सरकार करेगी
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर  विधानसभा चुनाव से पहले पिछली कांग्रेस सरकार ने सरकारी स्कूलों को उच्च प्राथमिक व माध्यमिक से सीधे ही उच्च माध्यमिक स्कूलों में तब्दील कर दिया था। इनकी संख्या जिलेभर में 175 से अधिक है। उसके बाद भाजपा सरकार बन गई। नई सरकार ने 100 दिन की कार्ययोजना में सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा देने की बात कही। अब भाजपा सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती में लगी है। बताया जाता है कि सत्र 2023-24 में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्ता वाली पढ़ाई नहीं मिल पाई है। अब सरकार की ओर से प्रदेश के 112 सरकारी स्कूलों में वरिष्ठ अध्यापकों को लगाने के आदेश जारी किए हैं। इसमें अलवर जिले की चार स्कूल शामिल हैं।

क्रमोन्नत स्कूलों में वरिष्ठ अध्यापक के पद स्वीकृत, व्याख्याताओं का इंतजार : जिले में संचालित 2782 स्कूलों में से सरकार ने केवल चार स्कूलों के लिए लिए ही वरिष्ठ अध्यापक के पद स्वीकृत किए हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने 175 स्कूलों को उच्च माध्यमिक स्कूलों में तब्दील किया। अब भी जिले में क्रमोन्नत सरकारी स्कूल ऐसे हैं जिनमें वरिष्ठ अध्यापक लगने बाकी हैं। सरकारी स्कूलों में व्याख्याताओं की संख्या दो हजार 866 हैं। इसमें से दो हजार 433 व्याख्याताओं के पदों पर व्याख्याता कार्यरत हैं और 433 पद अभी भी रिक्त हैं। इन स्कूलों को व्याख्याताओं का इंतजार है।

एक हजार से अधिक स्कूल, जिनमें नहीं हैं वरिष्ठ अध्यापक : पिछली सरकार ने सरकारी स्कूलों को क्रमोन्नत करने के बाद उनमें कक्षा 12 की पढ़ाई शुरू कर दी। अलवर सहित प्रदेश में एक हजार स्कूल ऐसे हैं जिनमें वरिष्ठ अध्यापक के पद स्वीकृत नहीं किए गए हैं। अगर नई सरकार की ओर से इन सभी स्कूलों में पदों को भरा जाता है तो विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।सरकार की ओर से स्कूलों में पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए 100 दिन की कार्ययोजना बनाई है। जिले में वरिष्ठ अध्यापकों के पद काउंसलिंग के माध्यम से भरे जा रहे हैं। नए सत्र से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।