Aapka Rajasthan

Alwar बनवारीलाल सिंघल ने कहा- कांग्रेस सरकार ने गौ तस्करों को बचाने के लिए बनाया यह कानून

 
Alwar बनवारीलाल सिंघल ने कहा- कांग्रेस सरकार ने गौ तस्करों को बचाने के लिए बनाया यह कानून

अलवर न्यूज़ डेस्क, खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास के रूंध गिदावड़ा वन क्षेत्र में गौहत्या का मामला सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं में आक्रोश है। अलवर शहर से भाजपा के पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल ने सरकार से मॉब लिंचिंग कानून खत्म करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार गौ तस्करों को बचाने के लिए मॉब लिंचिंग कानून लेकर आई थी। पूर्व विधायक सिंघल ने सोमवार को अपने आवास पर मीडिया से कहा कि वे उन मुस्लिमों के खिलाफ हैं जो गौकशी जैसे अपराध में लिप्त हैं। उनको बख्शा नहीं जाना चाहिए।

पूर्व विधायक ने कहा कि मॉब लिंचिंग कानून कांग्रेस सरकार लेकर आई। जब गौ तस्करों को लोगों ने पकड़ा और उनकी पिटाई की तो तस्करों के बचाव में ये कानून बन गया। अब सरकार को ये मॉब लिंचिंग कानून खत्म करना चाहिए। वैसे भी गौ तस्कर अवैध हथियार लेकर चलते हैं। दिल्ली-मुंबई हाईवे से निकलने वाले गौ तस्करों के वाहनों पर कड़ी निगाह हो।

वाहनों का पंजीयन निरस्त हो

गौ तस्करी में पकड़े जाने वाले वाहनों का पंजीयन हमेशा के लिए खत्म हो। पड़ोसी राज्य यूपी व हरियाणा सरकार की मदद ली जाए। उनके जरिए भी गौ तस्करों के वाहनों के पंजीयन हमेशा के लिए समाप्त किए जाएं।

बिरियानी बेचने वाले मुखबिर

पूर्व विधायक ने कहा कि उन्होंने खुद ने मौके पर जाकर देखा है। वहां पर गायों के अवशेष पड़े हैं। गौवंश को जंगल में बांध लेते हैं। फिर गौकशी करते हैं। पूरे गांव को सब पता है। इस मामले को लेकर सरकार से मिलूंगा। प्रदेश व देश में गौमाता का सम्मान करने वाली सरकार है। रूंद गिदावड़ा में जो देखा है वह रूह कंपाने वाला है। वहां गायों के सैकड़ों अवशेष इस बात का सबूत हैं कि बड़े स्तर पर गौकशी हुई है, लेकिन अब सरकार को एक-एक व्यक्ति को चिह्नित करने की जरूरत है। आसपास के गांव में सड़क किनारे चाय और बिरियानी बेचने वाले गौ तस्करों के मुखबिर हैं। जिसमें ईमानदार व सही बात रखने वाले मुस्लिम की मदद ली जाए। दोषियों को बख्शा नहीं जाए। चाहे वे घर छोड़कर भाग गए हों।