Aapka Rajasthan

Alwar वार्ड से कचरा नहीं उठाने पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जायेगा

 
Alwar वार्ड से कचरा नहीं उठाने पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जायेगा

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर  नगर निगम की ओर से सफाई का नया टेंडर करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सरकार से आदेश मिल गए हैं। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई शर्तें तैयार की गई हैं। यदि इनका पालन हुआ तो काफी व्यवस्था में सुधार आ सकता है। वार्ड से यदि कूड़ा नहीं उठा और शिकायत हुई तो 15 हजार का जुर्माना लगेगा। कई अन्य नियम भी निगम की ओर से कड़े बनाए गए हैं। शहर की सफाई व्यवस्था एक दशक से पटरी पर नहीं आ पा रही है। लगातार शहर के हाल बिगड़ते जा रहे हैं। इसका प्रमुख कारण ये है कि सफाई को लेकर नगर निगम कभी गंभीर नहीं हुआ। तभी व्यवस्था बिगड़ती गई और रैंकिंग 364 पर जा पहुंची। सफाई का नया टेंडर एक साल में नहीं हो पाया। अब करने की तैयारी है। इसी को देखते हुए अफसरों ने नियम कड़े बनाए हैं।

ये नियम होंगे लागू

संवेदक के पास कार्य अनुभव के अलावा, जीपीएस लगे वाहन जरूरी हैं। क्लॉज बॉडी, टॉप कवरिंग वाहन चाहिए। कम से कम दो लोडर हों।

संवेदक के परिवार का कोई सदस्य निगम में काम नहीं करता हो। पार्षद भी यदि उनके परिवार से हुए तो टेंडर नहीं मिलेगा।

कचरा ट्रंचिंग ग्राउंड व ल निस्तारण प्लांट तक नहीं पहुंचा तो 5 हजार जुर्माना लगेगा।

मृत पशुओं को नहीं उठाया गया तो 2 हजार रुपए जुर्माना लगेगा।

हर जोन से दोपहर 12 बजे तक कचरा उठाना होगा। मुख्य बाजारों से सुबह 9 बजे तक सफाई होनी है।

निविदाताओं को कंट्रोल रूम बनाना होगा। रात की सफाई के लिए अलग से टास्क फोर्स बनानी होगी।

सफाई कर्मियों को यूनिफार्म देनी होगी। अन्यथा जुर्माना प्रति कर्मचारी के हिसाब से 100 रुपए फर्म पर लगेगा।