Aapka Rajasthan

पुष्कर में पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान! 300 करोड़ की लागत में होंगे कई विकास कार्य, यात्रियों को मिलेगी फ्री गोल्फ कार्ट सेवा

 
पुष्कर में पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान! 300 करोड़ की लागत में होंगे कई विकास कार्य, यात्रियों को मिलेगी फ्री गोल्फ कार्ट सेवा

पुष्कर विकास पर दो चरणों में 300 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक चरण में 150 करोड़ रुपए के कार्य कराए जाएंगे। फिलहाल पहले चरण के कार्यों की डीपीआर सात दिन में तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। 150 करोड़ रुपए से सरोवर के घाटों, ब्रह्मा मंदिर से वराह घाट तक के बाजार का कायाकल्प किया जाएगा। सावित्री पहाड़ी के नीचे सावित्री वाटिका बनाने का प्रस्ताव है। बुधवार को जयपुर के पर्यटन भवन में एडीए व अन्य अधिकारियों की करीब दो घंटे बैठक लेने के बाद दीया कुमारी ने पहले चरण में पुष्कर विकास के लिए 150 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीए के एसई शिशिर कांत, अधिशासी अभियंता अरुण वर्मा, कनिष्ठ अभियंता लक्ष्मी नारायण शामिल हुए। आज पर्यटन भवन में विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर प्रदेश में पर्यटन स्थलों, हेरिटेज, संरचनाओं व सांस्कृतिक धरोहरों के विकास के साथ ही आधारभूत ढांचे को मजबूत करने व डिजिटल तकनीक से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा की गई।

कई कार्य होंगे उपमुख्यमंत्री दीयाकुमारी ने बैठक में अधिकारियों के साथ पुष्कर के समग्र विकास पर चर्चा की। सरोवर के घाटों का सौंदर्यीकरण, ब्रह्मा मंदिर से वराह घाट बाजार तक एकरूपता, सावित्री पहाड़ी की तलहटी में सावित्री वाटिका बनाने सहित कई विकास कार्य होंगे। एडीए की ओर से प्रस्तावित डीपीआर में सरोवर के घाटों की सीढ़ियों का सौंदर्यीकरण, भवनों का एकरूपता के साथ सौंदर्यीकरण, परिक्रमा पथ बनाना, घाटों पर लाइट व्यवस्था, घाटों की घाटियों का सुधार, प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण, पौधरोपण, ब्रह्मा मंदिर से मुख्य वराह घाट तक बाजार की दुकानों व भवनों पर एक ही रंग व फसाड लाइटें लगाना शामिल है।

निशुल्क गोल्फ कार्ट भी होंगी
इस परियोजना में सावित्री पहाड़ी की तलहटी में सावित्री वाटिका बनाना भी शामिल है। यहां से ब्रह्मा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थल से मंदिर तक जाने के लिए निशुल्क गोल्फ कार्ट की सेवा दी जाएगी। पुष्कर के पौराणिक महत्व को बताते हुए लेजर शो शुरू करना भी शामिल किया गया है। इनके अलावा पुष्कर विकास के लिए कई कार्य किए जाएंगे।

पहले बनी थी 1600 करोड़ रुपए की डीपीआर
मालूम हो कि इससे पहले पुष्कर विकास के लिए एडीए की ओर से करीब 1600 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार कर भेजी गई थी। खाटू श्याम मंदिर विकास के लिए सौ करोड़ रुपए खर्च करने की योजना के बाद उपमुख्यमंत्री दीयाकुमारी ने पुष्कर विकास के लिए पहले चरण में करीब 150 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।