Aapka Rajasthan

Ajmer सुभाष उद्यान के सामने सड़क के बीच से हटाया इमली का पेड़

 
Ajmer सुभाष उद्यान के सामने सड़क के बीच से हटाया इमली का पेड़

अजमेर न्यूज़ डेस्क, अजमेर  सुभाष उद्यान के मुख्य द्वार के निकट खड़ा दशकों पुराना इमली का पेड़ शुक्रवार को नगर निगम ने हटवा दिया। इस पेड़ के मुख्य सड़क के बीच में होने से कई बार हादसे हो चुके थे। साथ ही यातायात भी बाधित रहता था। इमली का बरसों पुराना पेड़ पूर्व में सुभाष उद्यान की चारदीवारी के भीतर था। उद्यान की दीवार पीछे करने से यह मुख्य सड़क पर आ गया। इस पेड़ से टकराकर कई वाहन चालक हादसे का शिकार होते रहे। इसी साल 14 जनवरी को खुशाल दगदी और जयकिशन की इसी पेड़ से टकराकर मौत हो गई। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने इस पर रेडियम की पट्टियां भी लगाई थीं। कोतवाली थाना पुलिस ने इस पेड़ को हटवाने के लिए 2 सितम्बर को नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखा था। इसके बाद निगम की टीम ने शुक्रवार को जेसीबी और पेड़ काटने वालों को मौके पर भेजा। जेसीबी से पेड़ को जड़ से निकाला गया। इसके बाद सड़क की चौड़ाई बढ़ गई। यहां जल्द डामरीकरण किया जाएगा। इस दौरान थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह शेखावत मय जाप्ता मौके पर मौजूद रहे।

आधे शहर में बरसात, कई जगह मंडराए बादल

घटाओं ने शुक्रवार को शहर के कई हिस्सों को भिगोया। कभी तेज तो कभी हल्की बरसात हुई। कई इलाकों में बादलों के मंडराने के साथ धूप-छांव दौर चला। अधिकतम तापमान 35.3 तथा न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में 2.0 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह से तेज धूप और उमस ने लोगों के जमकर पसीने छुड़ा दिए। दोपहर बाद जयपुर रोड, पुलिस साइंस, सिविल लाइंस, वैशाली नगर, माकड़वाली रोड, पंचशील, शास्त्री नगर, लोहागल, फॉयसागर रोड सहित अन्य इलाकों में बादल छाए रहे। शाम करीब 4.30 बजे ब्यावर रोड, रामगंज, केसरगंज, हजारीबाग और अन्य इलाकों में बरसात हुई। प्रदेश में मानसून प्रतिवर्ष 1 जून से 30 सितम्बर तक सक्रिय रहता है। जिसमें जिले की औसत बरसात 550 मिलीमीटर मानी जाती है। सिंचाई विभाग के अनुसार जिले में 465.12 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है। औसत बरसात के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 84.88 मिलीमीटर बरसात की और जरूरत है।