Ajmer में रैली के दौरान स्कूली बच्चे, एंबुलेंस व आम लोग तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे

वहीं गुर्जर दिवस पर रामगंज उबरा का देवरा से वैशालीनगर देवनारायण मंदिर तक निकाली गई रैली से मुख्य मार्ग जाम रहा। दोपहर डेढ़ बजे स्कूलों की छुट्टी के समय हालात ज्यादा खराब नजर आए। सिविल लाइन से वैशालीनगर तक जाम के हालात बन गए। यातायात पुलिसकर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कलक्ट्रेट, अजमेर क्लब, सावित्री चौराहा, बजरंगगढ़ चौराहा, जवाहर रंगमंच पर ट्रेफिक डायवर्ट किया गया, लेकिन दोपहर को रैली में आए वाहनों के काफिले में स्कूली बच्चे समेत आमजन फंस गए।
आनासागर चौपाटी तिराहे पर जाम का जंक्शन बन गया। यहां पुलिस उपअधीक्षक यातायात पूनम भरगन, यातायात निरीक्षक नरपतसिंह बाना समेत यातायात पुलिस के जवानों ने वाहनों को रोक-रोककर निकाला। दोपहर 3 बजे रैली के समापन के बाद हालात सामान्य हो सके। वहीं रैली को लेकर एएसपी (शहर) महमूद खान, एएसपी धर्मवीर जानू, सीओ एससीएसटी (सेल) महिपालसिंह और सीओ (नॉर्थ) भोपाल सिंह आदि मुस्तैद रहे। रास्ता देकर निकाली एम्बुलेंस : ढाई से तीन घंटे तक सिविल लाइन्स, सावित्री चौराहा, जवाहर रंगमंच, गौरव पथ पर लगे जाम में आमजन के साथ एम्बुलेंस भी फंस गई। मरीज को अस्पताल लेकर जा रही एम्बुलेंस के लिए पुलिसकर्मियों ने रास्ता खुलवाया।