Aapka Rajasthan

Ajmer राखी पर बहना के प्यार संग इठलाई भाई की कलाई, बांधे रक्षासूत्र

 
Ajmer राखी पर बहना के प्यार संग इठलाई भाई की कलाई, बांधे रक्षासूत्र
अजमेर न्यूज़ डेस्क, अजमेर भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व बुधवार को परम्परागत तरीके से मनाया गया। बहनों ने भाइयों के तिलक लगाकर और राखी बांधकर उनकी लम्बी उम्र, खुशहाली की कामना की। त्योहार पर बाजारों में भीड़ रही। भद्रा के कारण सुबह 10.59 बजे से पहले और रात्रि 9.02 बजे बाद राखी बांधी गई। पुंछ काल में शाम 5.30 से 6.31 बजे तक भी राखी बंधवाई गई। रक्षाबंधन पर्व पर बहनों ने भाइयों को तिलक कर, मिठाई खिलाकर और श्रीफल देकर राखी बांधी। साथ ही भाइयों की समृद्धि, परिवार में खुशहाली की मंगल कामना की। भाइयों ने परम्परानुसार उपहार और नकद राशि भेंट की। शहर के विभिन्न मंदिरों में भी भगवान श्रीकृष्ण, लक्ष्मी-नारायण, सिद्धि विनायक, भगवान शिव-पार्वती के राखी बांधी गई। दोपहिया-चौपहिया वाहनों, दुकानों-व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी रक्षासूत्र बांधा गया। कई जगह पुजारियों ने यजमानों और लोगों के घर जाकर रक्षासूत्र बांधे। शिवालयों में मंत्रोच्चार से रुद्रिपाठ भी हुए।

बाजारों में रही रौनक

नया बाजार, पुरानी मंडी, दरगाह बाजार, मदार गेट, केसरगंज, रामगंज, नगरा, धोलाभाटा, बिहारीगंज, आदर्शनगर, वैशाली नगर और अन्य इलाकों में बाजारों में रौनक रही। लोग रंग-बिरंगी राखियां, फल, मिठाई, श्रीफल, उपहार और अन्य सामग्री खरीदने में व्यस्त रहे। भद्रा होने से कई लोगों ने मुहूर्त देखकर खरीदारी की।

श्रावणी उपाकर्म पर्व मनाया

आर्य समाज के तत्वावधान में श्रावणी उपाकर्म और पंडित जियालाल जयंती मनाई गई। सुबह 8 बजे मंत्रोच्चार से यज्ञ हुआ। वक्ताओं ने श्रावणी उपाकर्म की महत्ता और पंडित जियालाल की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। कविता पाठ और बालक एवं बालिकाओं के भजन भी हुए।