Ajmer जिले में सायरन के बजते ही पुलिस व प्रशासन अलर्ट, इतने दिनों तक बंद रहेगा किशनगढ़ एयरपोर्ट
अजमेर में शाम 4 बजे सायरन बजा। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया। शाम 7:30 से 8 बजे तक ब्लैक आउट किया जाएगा। भारतीय सेना के एयर स्ट्राइक 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भाजपाइयों ने विजय स्मारक पहुंचकर तिरंगा लहराया और आतिशबाजी भी की। दरगाह क्षेत्र में मिठाई बांटी गई। नागरिक सुरक्षा दलों ने लोगों को जागरूक किया।किशनगढ़ एयरपोर्ट से बुधवार से अगले तीन दिन तक सभी नागरिक उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है और अब 10 मई सुबह 5:29 बजे तक सभी उड़ानें निलंबित रहेंगी। इस दौरान एयरपोर्ट से कोई भी नागरिक उड़ान न तो उड़ान भरेगी और न ही उतरेगी।
कलेक्टर की अपील- ब्लैक आउट में सहयोग करें
अजमेर कलेक्टर लोकबंधु ने कहा- सरकार के निर्देश पर मॉक ड्रिल रखी गई है। कंट्रोल रूम से सूचना दी जाएगी। सभी विभागों का रिस्पांस टाइम नोट किया जाएगा और सुधार की गुंजाइश होने पर कमी को दूर किया जाएगा। शाम को ब्लैक आउट किया जाएगा। सायरन के जरिए सूचना दी जाएगी। लोगों से अनुरोध है कि वे अपने घर की बिजली बंद कर दें। स्ट्रीट लाइट भी बंद रहेंगी। किसी भी प्रकार की आवाजाही नहीं होनी चाहिए।
सिविल डिफेंस की ओर से बचाव संबंधी जानकारी दी गई
केंद्र सरकार के निर्देश पर अजमेर के साथ-साथ देशभर में शाम 4 बजे मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। मॉक ड्रिल से पहले जिला प्रशासन के निर्देश पर सिविल डिफेंस के साथ-साथ सभी को अलर्ट पर रखा गया है। सिविल डिफेंस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। जहां कर्मचारी शहर के अलग-अलग भीड़भाड़ वाले इलाकों और स्कूलों में जाकर युद्ध और हवाई फायरिंग होने पर बचाव कैसे करें, इसकी जानकारी दे रहे हैं। साथ ही ब्लैकआउट के दौरान सभी को क्या करना है, इसकी जानकारी दी गई। बुधवार को अजमेर के तोपदड़ा स्कूल में भी सिविल डिफेंस की ओर से स्कूली विद्यार्थियों को बचाव संबंधी जानकारी दी गई।
विजय स्मारक पर भाजपा बजरंग मंडल ने जताई खुशी
भारत की ओर से पाकिस्तान को दिए गए जवाब के बाद अजमेर भाजपा बजरंग मंडल ने बुधवार सुबह विजय स्मारक पर जश्न मनाया। कार्यकर्ता 1971 के भारत-पाक युद्ध में जीत के बाद लाए गए टैंक पर भी चढ़े और नारे लगाए। इस दौरान अजमेर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यकर्ता रचित कच्छावा ने कहा- 22 अप्रैल को पाकिस्तान ने भारत माता की बहन-बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था। भारतीय सेना ने उनके सिंदूर को सम्मान देने का काम किया है।ऑपरेशन सिंदूर के जरिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीनों सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया है। इस हमले से पाकिस्तान को जवाब दिया गया कि अगर पाकिस्तान अब भी नहीं समझा तो भारत उसे जड़ से मिटाने में सक्षम है।
नसीराबाद-अधिकारियों की बैठक, कहा- अफवाहों पर ध्यान न दें
अजमेर जिले के नसीराबाद में मॉक ड्रिल को लेकर अधिकारियों ने सीएलजी सदस्यों, नागरिकों व व्यापारियों के साथ बैठक की। इसमें ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के बारे में जानकारी दी गई और इसकी पालना करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने का आह्वान किया।बैठक में एसडीएम देवीलाल यादव, डीएसपी जरनैल सिंह, छावनी सीईओ डॉ. नितीश गुप्ता, नगर पालिका ईओ पिंटू लाल जाट तहसीलदार ममता यादव सदर थाना प्रभारी अशोक विशु, श्रीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह मौजूद थे।
सिविल डिफेंस टीम अलर्ट मोड पर
अजमेर में जयपुर रोड स्थित सिविल डिफेंस कार्यालय में अधिकारियों के निर्देश पर सभी कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है। सिविल डिफेंस प्रभारी प्रशांत झा ने बताया- राज्य सरकार के निर्देश पर मॉक ड्रिल की तैयारियां की जा रही हैं।इस दौरान सिविल डिफेंस कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा कि यदि स्थिति बिगड़ती है तो कैसे बचाव करें और दूसरों को कैसे बचाएं। शहर के अलग-अलग भीड़भाड़ वाले इलाकों में आमजन को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें स्कूल आदि भी शामिल हैं। प्रशासन के निर्देश पर जल्द ही टीमें रवाना की जाएंगी। लोगों को ब्लैकआउट आदि के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। सायरन बजने पर आमजन की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
