Ajmer पुष्कर सरोवर में प्रदूषण से मर रही मछलियां, घाटों पर गंदगी

अजमेर न्यूज़ डेस्क, अजमेर पुष्कर सरोवर में गर्मी के दौरान जलस्तर कम होने तथा खाद्य व पूजा सामग्री डालने से बढ़ रहे प्रदूषण से मछलियां एवं अन्य जलीय जीव दम तोड़ने लगे हैं। पालिका द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से घाटों पर बदबू होने लगी है।पुष्कर सरोवर में इन दिनों मछलियां मरने का सिलसिला शुरू हो गया है। पानी की सतह पर तैरती मृत मछलियों से घाटों पर दुर्गन्ध फैलने लगी है। घाटों पर स्नान-ध्यान करने वाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। पुरोहितों में भी गहरी नाराजगी है। पालिका स्तर पर किए जा रहे प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। पिछले तीन दिनों से बड़ी संया में सरोवर की मछलियों ने दम तोड़ दिया है। इन दिनों सरोवर का जल स्तर भी कम होता जा रहा है।
सरोवर में मर रही मछलियों को बचाने के लिए पालिका हर संभव प्रयास कर रही है। पुष्कर सरोवर में ऑक्सीजन लेवल बनाए रखने के लिए चूना डाला जा रहा है। खाद्य सामग्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। घाटों पर साफ सफाई का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मत्स्य विभाग से भी जांच करने को कहा गया है।