अजमेर में नाकाबंदी के दौरान युवक का चालान, हेडफोन लगाकर तेज रफ्तार में चला रहा था बाइक
अजमेर की रीजनल कॉलेज चौपाटी पर बुधवार रात हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही थी।
नाकाबंदी के दौरान एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने जांच के लिए रोक लिया। जांच में सामने आया कि युवक बाइक चलाते समय हेडफोन लगाए हुए था और वाहन तेज रफ्तार में चला रहा था। यातायात नियमों के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने उसका चालान काट दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। वाहन चलाते समय हेडफोन का इस्तेमाल और तेज गति से ड्राइविंग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है।
पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
