Aapka Rajasthan

Ajmer परिवर्तन संकल्प यात्रा में पहुंचे उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने कहा- अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर

 
Ajmer परिवर्तन संकल्प यात्रा में पहुंचे उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने कहा- अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर
अजमेर न्यूज़ डेस्क, अजमेर  प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पांच साल कुर्सी बचाने की जुगत में ही लगे रहे। पेपर लीक, बलात्कार, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर हैं। भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा को मिल रहा जनसमर्थन बड़ा संकेत है। यह बात विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि आरपीएससी की भर्तियों सहित 19 प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। सरकार 1.50 लाख को भी रोजगार नहीं दे पाई। एनसीआरबी के अनुसार प्रतिदिन 17 बलात्कार, 7 हत्याएं होना और 10 लाख 92 हजार मुकदमे दर्ज होना राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था दर्शा रहा है। करौली, जोधपुर में हिंसा, रामनवमी के जुलूस पर पाबंदी और पीएफआई के कार्यक्रम की अनुमति तुष्टिकरण दर्शाता है।

पायलट का दिल मानता नहीं...

कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर पूनिया ने कहा कि पायलट का दिल है कि मानता नहीं...। अगर कांग्रेस में गुटबाजी नहीं होती तो वो राज्य के मुख्यमंत्री होते। कांग्रेस में युवाओं का कोई भविष्य नहीं है। कैलाश मेघवाल के भाजपा के वसुंधरा और अन्य खेमे में बंटने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा में आलाकमान सर्वोपरि है। संसदीय बोर्ड टिकट से लेकर मुख्यमंत्री, मंत्री और अन्य जिम्मेदारी तय करता है। अच्छी बात है कि कांग्रेस की तरह हमारे यहां मुख्यमंत्री पद के चेहरों की कमी नहीं है। पूनिया ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक फैसलों, कार्यप्रणाली से भारत की साख बढ़ी है। चंद्रयान-3, अदित्य एल-1, जी-20 सम्मेलन सहित विदेश नीति का लोहा दुनिया ने माना है।

विधायक भदेल के विरोध में बैनर तख्तियां लेकर पहुंचे

चुनाव से पहले भाजपा में अंदरूनी नाराजगी दिख रही है। अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया व शहर अध्यक्ष रमेश सोनी से मुलाकात कर हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा। संयोजक विशाल वर्मा ने बताया कि लगातार बीस साल से भाजपा एक ही प्रत्याशी को रिपीट कर रही है। अजमेर दक्षिण क्षेत्र से मौजूदा विधायक की बजाय नए चेहरे को टिकट दिया जाना चाहिए। अजमेर दक्षिण इलाके में अनुसूचित जाति के कई प्रत्याशी हैं , जो चुनाव लड़ने योग्य हैं। जिला उपाध्यक्ष घीसू गढ़वाल, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष मुकेश खींची, रंजन मिश्रा, पार्षद नीतू मिश्रा, अरुण शर्मा पूर्व मंडल अध्यक्ष, दुर्गा प्रसाद शर्मा पूर्व पार्षद संयोजक विधि प्रकोष्ठ दक्षिण प्रभारी, रमेश निमेदिया प्रदेश अध्यक्ष धोबी समाज, लीना विश्वा जिला महामंत्री महिला मोर्चा, करण सिंह रावत प्रदेश उपाध्यक्ष राजस्थान रावत महासभा, कुसुम मिश्र आदि मौजूद रहे। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। चुनाव में किसे प्रत्याशी बनाना अथवा टिकट देना है, इसका फैसला कार्यकर्ता नहीं पार्टी हाईकमान करता है।