कर्नाटक में पकड़ा गया बिजयनगर रेप कांड में फरार कैफे संचालक, अबतक मामले में हो चुकी है इतनी गिरफ्तारियां
अजमेर न्यूज़ डेस्क- ब्यावर जिले के बिजयनगर दुष्कर्म-ब्लैकमेल मामले में पुलिस ने फरार कैफे संचालक को गुरुवार रात कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया। यह वही आरोपी है जिसके कैफे में नाबालिग से दुष्कर्म हुआ था। बिजयनगर पुलिस की टीम आरोपी को कर्नाटक से राजस्थान ला रही है।इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 नाबालिग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से 8 को जेल भेज दिया गया है, जबकि एक पूर्व पार्षद 5 दिन की पुलिस रिमांड पर है।
किशनगढ़ में आज दोषियों को फांसी की सजा की मांग को लेकर बाजार बंद रखा गया है। अजमेर में शाम 5 बजे विरोध रैली निकाली जाएगी। साथ ही 1 मार्च को अजमेर बंद का ऐलान किया गया है।जांच में सामने आया कि आरोपी नाबालिग पीड़िता को स्कूल जाते समय रास्ते में रोकते थे। उस पर कैफे और होटलों में जाने का दबाव बनाते थे। इतना ही नहीं, उससे कलमा पढ़वाते थे और धर्म परिवर्तन के लिए व्रत रखने का दबाव बनाते थे।
कैफे संचालक कर्नाटक से गिरफ्तार
बिजयनगर थाने के सीओ सज्जन सिंह ने बताया- फरार कैफे संचालक सांवरलाल की तलाश में पुलिस की 3 टीमें अलग-अलग राज्यों में लगी हुई थीं। इस दौरान उसके कर्नाटक में होने का इनपुट मिला। एक टीम कर्नाटक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे बिजयनगर लाया जा रहा है। नाबालिग से दुष्कर्म की घटना आरोपी के कैफे में हुई थी।
अजमेर बंद का ऐलान, आज रैली निकाली
सकल हिंदू समाज की ओर से अजमेर शहर में शाम 5 बजे रैली निकाली गई है। रैली राजकीय महाविद्यालय से शुरू होकर अग्रवाल स्कूल पटेल मैदान पहुंचेगी। इस दौरान आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसमें कई संस्थाएं और संगठन शामिल होंगे।
सकल हिंदू समाज का आरोप- बड़े लोगों का हाथ
सकल हिंदू समाज के संयोजक सुनील दत्त जैन ने कहा- बिजयनगर की घटना से समाज आहत है। एक मार्च को अजमेर में पूर्ण बंद का आह्वान किया गया है। बंद के दौरान सभी दुकानें, कार्यालय, ट्रांसपोर्ट, सब्जी और फल मंडी बंद रहेंगी। अजमेर के सभी 124 व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने बंद का समर्थन किया है।
सीबीआई जांच की मांग
जैन ने कहा- आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजना पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े करता है। मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए, ताकि पर्दे के पीछे छिपे मास्टरमाइंड का पर्दाफाश हो सके।
किशनगढ़ में बाजार बंद, पुलिस बल तैनात
सम्पूर्ण हिंदू समाज व हिंदू संगठनों के आह्वान पर आज किशनगढ़ में पूर्ण बंद का आयोजन किया गया। इस दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठान, बाजार व अन्य संस्थान स्वेच्छा से बंद रहे। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात है और अतिरिक्त गश्त की व्यवस्था की गई है।पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। एसडीएम निशा सहारण व सीओ सिटी अभिषेक ने मदनगंज थाने में व्यापारियों व विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग
बिजयनगर नगर थाना पुलिस ने अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें से 3 नाबालिग हैं। इन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मामले में गिरफ्तार सोहेल, रेहान, श्रवण जाट, करीम, आशिक, लुकमान, अफराज और जावेद को जेल भेज दिया गया है। मामले में गिरफ्तार पूर्व पार्षद हकीम कुरैशी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म और ब्लैकमेल का मामला
15 फरवरी को एक नाबालिग ने बिजयनगर थाने में मामला दर्ज कराया था। उसके बाद एक अन्य नाबालिग ने मामला दर्ज कराया। फिर तीन लड़कियों के पिता की ओर से भी रिपोर्ट दी गई।आरोप है कि ये निजी स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म कर अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे थे। उन्हें जबरन कलमा पढ़ने, रोजा रखने और धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर कर रहे थे। पुलिस ने पोक्सो और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भास्कर टीम ने दरिंदगी की शिकार लड़कियों के परिजनों से मुलाकात की। लड़की के एक चाचा ने कहा- लड़की आपसे बात नहीं कर सकती। वह बहुत डरी हुई है। फिलहाल उसे मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने के लिए नसीराबाद कोर्ट ले जाया जा रहा है।स्कूली लड़कियों से दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने के 6 आरोपियों की कोर्ट में सुनवाई के दौरान वकीलों ने पिटाई कर दी। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से आरोपियों को बचाया। इससे पहले कोर्ट ने आरोपियों को 4 दिन की रिमांड पर भेज दिया। एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया।
ब्यावर जिले के बिजयनगर में एक समुदाय विशेष के आरोपियों ने एक कैफे में नाबालिग लड़कियों के साथ दरिंदगी की। नगर पालिका ने उस कैफे के बाहर सड़क पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। साथ ही अवैध व्यावसायिक उपयोग के चलते कैफे को सील कर दिया।
