Aapka Rajasthan

अजमेर में नाबालिग से जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी की कोशिश, कलेक्ट्रेट से फरार हुआ आरोपी

 
अजमेर में नाबालिग से जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी की कोशिश, कलेक्ट्रेट से फरार हुआ आरोपी 

अजमेर में एक समुदाय के युवक द्वारा 15 साल की किशोरी से शादी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। नाबालिग किशोरी के माता-पिता का आरोप है कि युवक धर्म परिवर्तन कर उनसे शादी करने जा रहा था। युवक मंगलवार को शादी के दस्तावेज बनवाने कलेक्ट्रेट गया था। आधार कार्ड में किशोरी की उम्र 18 वर्ष से कम पाई गई। इसकी सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों के लोग वहां पहुंच गए। किशोरी की मां भी वहां पहुंच गई। तभी युवक भाग गया। किशोरी के माता-पिता ने सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कराकर युवक की गिरफ्तारी की मांग की है। थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया- नाबालिग किशोरी के माता-पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।

नाबालिग किशोरी का धर्म परिवर्तन कर उससे शादी करने जा रहा था

लड़की की मां ने रिपोर्ट में बताया- मेरा पति साउथ अफ्रीका में काम करता है। इन दिनों वह अजमेर आया हुआ है। आपसी सहमति से अलग होने का मामला कोर्ट में है। मंगलवार सुबह हम दोनों कोर्ट गए। तभी बुडाना (यूपी) निवासी मोहम्मद दिलदार (28) हमारी बेटी को वहां ले आया। वह स्टाम्प बनवाकर बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था। जब हमने इसका विरोध किया तो वह बेटी को भगा ले गया। इसके बाद जानकारी मिली कि वह शादी के दस्तावेज बनवाने कलेक्ट्रेट गया है। हम वहां पहुंचे तो वह भाग गया।

युवक से पूछताछ की तो वह मारपीट करने लगा

विश्व हिंदू परिषद के सह प्रांत मंत्री शशि प्रकाश इंदौरिया ने बताया- दोपहर करीब 12 बजे हमें सूचना मिली कि एक समुदाय का युवक नाबालिग लड़की से शादी कर रहा है। वह शादी के लिए कलेक्ट्रेट में दस्तावेज भी तैयार करवा रहा है। इस पर हम कलेक्ट्रेट पहुंचे। युवक ने एक स्टाम्प तैयार करवाया था। उसमें लिखा था कि वह लड़की से शादी कर रहा है और उसे किसी तरह से परेशान नहीं करेगा। जब हमने युवक से पूछताछ शुरू की तो वह और उसके साथ आए लोग मारपीट करने लगे। लड़की की मां को बुलाया गया। इस दौरान युवक मौका देखकर भाग गया। इसके बाद हम लड़की की मां को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे।

एसपी राज्यपाल के दौरे में व्यस्त थे। ऐसे में मां ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मां ने लड़के की गिरफ्तारी की मांग की है। नाबालिग 10वीं कक्षा में पढ़ती है। इंदौरिया ने बताया- नाबालिग अपने माता-पिता से अलग अपनी दादी के साथ रहती है। उसकी दादी के घर के पास युवक का सैलून था। नाबालिग जब बाजार जाती थी, तो सैलून के बाहर ही उसकी युवक से जान-पहचान हो गई। युवक उसकी दादी के घर भी आने-जाने लगा। इस दौरान उसने नाबालिग पर शादी का दबाव बनाया। नाबालिग 10वीं कक्षा में पढ़ती है।