Ajmer दरकती पहाड़ियाँ, चट्टानों के बीच लोगों पर मंडराता खतरा
Aug 26, 2023, 13:15 IST

अजमेर न्यूज़ डेस्क, अजमेर बिपरजॉय चक्रवाती तूफान एवं एक माह पूर्व हुई मूसलाधार बारिश के दौरान पहाड़ी का दरका हिस्सा अब भी खतरा बना हुआ है। पहाड़ी से गिरे चट्टानों के हिस्से एवं मलबा जहां सड़क तक जमा है, वहीं पास ही चट्टानों में दरारें बढ़ गई हैं। यह कभी भी गिर सकती हैं। दरगाह सम्पर्क सड़क पर बारिश के बाद चट्टानों व पहाड़ी के हिस्से जगह-जगह से गिरने के बाद आज तक मलबा नहीं हटाया गया है। हालात यह हैं कि सड़क के एक छोर पर पहाड़ी की चट्टानें बीच-बीच में जगह छोड़ चुकी हैं। तेज धूप के साथ ही चट्टानें छिटकने लगी हैं। ऐसे में कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
पहाड़ पर ‘चढ़ते गए’ अवैध घरौंदे
सम्पर्क सड़क पर अवैध घरोंदों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नागफणी छोर, अंदरकोट छोर व संपर्क सड़क के ऊपर भी घरौंदे बढ़ रहे हैं। जबकि वन विभाग एवं रेवेन्यू विभाग ही नहीं प्रशासन की ओर से भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। बारिश के दिनों में यहां खतरा बना हुआ है।
सीसी सड़क के नीचे से खिसका पहाड़ का हिस्सा
पहाड़ी पर बने मकानों तक पहुंचने के लिए करीब 7-8 फीट चौड़ी बनाई गई सीसी सड़क के नीचे से पहाड़ी का हिस्सा व मिट्टी ढह गई है। इससे कभी भी हादसा हो सकता है। यहां भी हो सकता है नुकसान शहर में दातानगर जटिया हिल्स, शास्त्रीनगर, आंतेड़, पहाड़गंज सहित अन्य क्षेत्रों में भी पहाड़ी पर अवैध रूप से लोग मकान बना रहे हैं। कुछ जगह मलबे के रूप में अवैध रूप से लोग भूखण्ड काट रहे हैं।