Ajmer किशनगढ़ की सरकारी स्कूलों में एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध

अजमेर न्यूज़ डेस्क, किशनगढ़ की सरकारी स्कूलों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में पिछले दिनों आदेश जारी किए थे। इसके तहत अब स्टूडेंट्स और स्टाफ के सदस्य बिस्किट के पैकेट, वेपर्स, कृत्रिम फूल और प्लास्टिक के गिलास सरीखे उत्पाद स्कूल परिसर में नहीं ला सकेंगे। सरकारी स्कूलों में हर शनिवार को नो प्लास्टिक डे मनाया जाएगा। इसमें सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरुकता जगाई जाएगी।
प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को देखते हुए स्कूलों में प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रारंभिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने निर्देश जारी किए हैं। आदेश में बताया गया है कि हर इंसान लाखों टन सिंगल यूज प्लास्टिक का उत्पादन करता है, जिसमें अधिकांश को पुर्नवीनीकरण नहीं किया जा सकता है।
स्कूलों में शनिवार के दिन विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा। विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी प्लास्टिक के उपयोग को घटाने और इसके अन्य विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सरकारी स्कूल परिसरों को प्लास्टिक मुक्त जोन घोषित किया गया है। स्कूलों के आसपास 200 मीटर में इसके उपयोग पर प्रतिबंध लागू रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक शनिवार (नो-बैग डे) को एक पीरीयड में सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंधित करने के महत्व समझाएं। हर शनिवार को नो प्लास्टिक डे मनाया जाएगा ताकि विद्यार्थी सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करें। अपने परिवारजन को भी इस संबंध में प्रोत्साहित करें। विद्यार्थियों एवं कार्मिकों को रोगों से मुक्त रखने के लिए प्रत्येक सप्ताह स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें जनसहयोग लिया जा सकेगा। प्रार्थना सभा में विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के लिए विद्यार्थियों एवं विद्यालयी कार्मिकों को जागरूक किया जाएगा। विभाग के अधीन किसी भी कार्यालय या विद्यालय में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाएगा। विद्यालय के 200 मीटर की परिधि में सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री जोन करने का प्रयास किया जाएगा।