अजमेर में स्कूल बस के हादसे का शिकार होने से मची चीख-पुकार, पिकनिक मनाने निकले थे 40 बच्चे
राजस्थान के अजमेर में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। टूर पर गए करीब 40 बच्चों से भरी एक बस आगे चल रही एक वीडियो कोच बस से टकरा गई। बस के झटके लगते ही अंदर बैठे बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। हादसे में सात बच्चे और स्कूल के दो-तीन कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए राजकीय यज्ञ नारायण अस्पताल ले जाया गया। गनीमत रही कि किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
वीडियो कोच बस ने अचानक आगे ब्रेक लगा दिए
जानकारी के अनुसार, हादसा किशनगढ़ के बांदरसिंदरी थाना क्षेत्र के पाटन हाईवे रोड पर हुआ। बताया गया कि पावटा स्थित रॉयल एकेडमी स्कूल के करीब 40 बच्चे बस से टूर पर जा रहे थे। इसी दौरान वीडियो कोच बस ने अचानक सड़क पर ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही स्कूल बस के चालक को खुद को बचाने का समय नहीं मिला और वह सीधे पीछे से टकरा गई।
बस के झटके लगते ही बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे
बस के झटके लगते ही बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। स्कूल स्टाफ ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की। हादसे में सात बच्चे और दो-तीन स्टाफ सदस्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुँची और सभी घायलों को किशनगढ़ के राजकीय यज्ञ नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जिन बच्चों को मामूली चोटें आईं थीं, उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
चित्तौड़गढ़ घूमकर लौट रहे थे सभी बच्चे
स्कूल प्रशासन का कहना है कि बच्चे चित्तौड़गढ़ घूमकर लौट रहे थे और सुबह पावटा स्कूल पहुँचने वाले थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुँचे और बच्चों को सुरक्षित देखकर राहत महसूस की। पुलिस के अनुसार, वीडियो कोच बस चालक के अचानक ब्रेक लगाने के कारण यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, वरना परिणाम भयावह हो सकते थे।
