Aapka Rajasthan

अजमेर में विवाहिता को बंधक बनाकर गैंगरेप का आरोप: नशीली दवा देकर किया यौन शोषण, अश्लील वीडियो बनाए; 8 नामजद आरोपियों पर FIR

 
अजमेर में विवाहिता को बंधक बनाकर गैंगरेप का आरोप: नशीली दवा देकर किया यौन शोषण, अश्लील वीडियो बनाए; 8 नामजद आरोपियों पर FIR

अजमेर में एक विवाहिता का अपहरण कर उसे लंबे समय तक बंधक बनाने और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे नशीली दवाएं देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध यौन शोषण किया। इस दौरान उसके अश्लील वीडियो भी बनाए गए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घटना के बारे में किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने और गैंगरेप समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

घर में घुसकर अपहरण करने का आरोप

पुलिस को दी गई रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि 10 जुलाई 2024 को सुबह करीब 10 बजे वह घर में घरेलू कामकाज कर रही थी। इसी दौरान आरोपी एकराय होकर उसके घर में घुस आए और उसे जबरन अपने साथ ले गए। आरोप है कि उसे एक कमरे में बंधक बना दिया गया। इसके बाद अन्य आरोपी वहां से चले गए और एक आरोपी ने उसे अपने कब्जे में रखा।

नशीली दवा देकर यौन शोषण और मारपीट

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे नशीली दवाएं देता था और नशे की हालत में उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता था। जब उसने घर जाने की गुहार लगाई तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि नशीली दवाओं के प्रभाव में उसके अश्लील वीडियो बनाए गए। उसे धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वीडियो वायरल कर उसे बदनाम कर दिया जाएगा। साथ ही उसके बच्चों को जान से मरवाने की धमकी भी दी गई।

जेवरात उतारने का भी आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि नशीली दवाओं के प्रभाव में अचेत अवस्था के दौरान उसके सोने-चांदी के जेवरात भी उतरवा लिए गए। उसने पुलिस से आरोपियों के कब्जे से अपने जेवरात बरामद करवाने की मांग की है।

छह महीने पहले आरोपी के चंगुल से निकली

पीड़िता के अनुसार करीब छह महीने पहले उसे मौका मिला तो वह आरोपी के चंगुल से निकलकर अपने परिजनों के पास पहुंची। उसने बताया कि नशीली दवाओं के प्रभाव और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण वह तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं कर सकी। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद 31 अक्टूबर को पुलिस के समक्ष रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आठ नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।