Rajasthan Big News:सीएम गहलोत का आज बारां जिले का दौरा, 2222 जोड़ों के सर्वधर्म निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन में की शिरकत
कोटा/बारां न्यूज डेस्क। राजस्थान की बड़ी खबर में आपको बता दें कि कोटा संभाग के बारां जिले में आज बड़ा कीर्तिमान स्थापित हुआ है। खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया की अगुवाई में यहां वर्ल्ड रिकॉर्ड वाली शादी जोकि सामूहिक विवाह है। जिसके हजारों लोग गवाह बने हैं। बारां राष्ट्रीय राजमार्ग 27 के पास इस सर्वधर्म निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी पहुंचे हैं। एक साथ 2222 वर-वधु यहां हमसफर बने हैं। इनमें से 2111 हिंदू जोड़ों ने फेरे लिए हैं और 111 जोड़ों ने मुस्लिम निकाह पढ़ा है।
इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में कई कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में इन रिकॉर्ड्स को दर्ज करने के लिए लंदन से गिनीज बुक की टीम भी सम्मेलन में पहुंची है। खनन एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी श्री महावीर गौशाला कल्याण संस्थान उठा रही है। समारोह में आने वाले लोगों के लिए सुबह 10 से भोजन चल रहा हैं। मंत्री प्रमोद जैन भाया का कहना है कि इसमें हिंदू और मुस्लिम समाज के जोड़े शामिल हैं। हिंदू समाज की सभी जाति के लोग इसमें शामिल हैं। यह सामाजिक समरसता का भी उदाहरण बनने जा रहा हैं।