Aapka Rajasthan

Sikar सामान्य की तरह संस्कृत शिक्षा में भी 9 संभाग, चूरू और पाली होंगे नए संभाग

 
Sikar सामान्य की तरह संस्कृत शिक्षा में भी 9 संभाग, चूरू और पाली होंगे नए संभाग

सीकर न्यूज़ डेस्क, सीकर राज्य सरकार ने सामान्य शिक्षा की तरह संस्कृत शिक्षा विभाग में भी प्रशासनिक बंटवारे की मंडल स्तरीय व्यवस्था लागू कर दी है। पूर्व की सात संभाग स्तरीय व्यवस्था की जगह अब संस्कृत शिक्षा विभाग में भी 9 मंडल होंगे। इनमें संभाग व्यवस्था से इतर चूरू व पाली दो नए मंडल होंगे। प्रशासनिक विकेन्द्रीकरण से जहां संस्कृत स्कूलों की प्रभावी मोनिटरिंग हो सकेगी, वहीं कर्मचारियों की भी कई समस्याओं का समाधान आसान हो जाएगा। नई व्यवस्था में चूरू संस्कृत शिक्षा विभाग का नया मंडल होगा। इसमें शेखावाटी के चूरू, सीकर व झुंझुनूं तीनों जिले शामिल होंगे। इसी तरह पाली मंडल में पाली के अलावा जालौर व सिरोही को शामिल किया गया है।

पदोन्नति का इंतजार

संस्कृत शिक्षकों को पदोन्नति भी जिला व मंडल स्तरीय वरीयता के आधार पर होने का इंतजार है। ग्रेड थर्ड शिक्षकों की पदोन्नति की वरीयता सूची भी प्रदेश स्तर पर बनने से शिक्षकों को वरीयता में काफी नुकसान होता है। ऐसे में संस्कृत शिक्षकों ने सामान्य शिक्षा की तरह ही थर्ड ग्रेड शिक्षकों की वरीयता सूची जिला व सैकंड ग्रेड शिक्षकों की वरीयता सूची मंडल स्तर पर करने की मांग तेज कर दी है। प्रशासनिक कार्यों का बंटवारा नौ मंडल में होने से विभागीय कार्यभार में कमी आने के साथ संस्कृत स्कूलों की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी। नए मंडल से शेखावाटी व पाली के कर्मचारियों को भी बीकानेर, जयपुर व जोधपुर के चक्कर नहीं काटने होंगे।

यूं चलेगा काम

संस्कृत शिक्षा आयुक्त प्रियंका जोधावत के पत्र के मुताबिक नए मंडल कार्यालयों की स्थापना व पद आवंटन नहीं होने तक चूरू मंडल का कार्य बीकानेर व पाली का जोधपुर मंडल से ही जारी रहेगा।जिला मुख्यालयों पर वरिष्ठ उपाध्याय स्कूल के प्रधानाचार्य जिला नोडल अधिकारी के रूप में काम करेंगा।