Aapka Rajasthan

Pali कड़ाके की सर्दी से किटकिटाए दांत, पारा 5 डिग्री पर

 
Pali कड़ाके की सर्दी से किटकिटाए दांत, पारा 5 डिग्री पर
पाली न्यूज़ डेस्क, पाली   पश्चिमी विक्षोभ 10 जनवरी से सक्रिय होगा। उससे पहले ही जिले के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सर्दी के कारण सुबह लोगों के दांत किटकिटा गए। अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री रहने व सर्द हवा 9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के कारण दोपहर में भी सर्दी से राहत नहीं मिली।  मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10-11 जनवरी को राज्य में कुछ जगहों पर बरसात होने की संभावना है। इसके असर से आने वाले 24 घंटों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश के जोधपुर, बीकानेर संभाग के साथ शेखावटी क्षेत्र में शुक्रवार को मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बरसात हो सकती है। वहीं 11 जनवरी को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बरसात हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है। जबकि 12 जनवरी से फिर मौसम शुष्क रह सकता है। कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है।

तापमान में रहेगा उतार चढ़ाव

पाली का न्यूनतम तापमान 10 जनवरी को 4 से 6 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 11 जनवरी को तापमान बढ़कर 8-10 डिग्री और 12 व 13 जनवरी को 6-8 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम केन्द्र की ओर से पाली, जालोर व सिरोही के लिए 13 जनवरी तक कोहरा छाने या बरसात की चेतावनी जारी नहीं की गई है।