व्हाइट हाउस फायरिंग: नेतन्याहू ने कहा, 'राजनीतिक हिंसा निंदनीय'
तेल अवीव, 24 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास और मुख्य कार्यस्थल व्हाइट हाउस के बाहर शनिवार को ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं। हमलावर जवाबी कार्रवाई में मारा गया। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक हिंसा बताया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इजरायली पीएम के आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक पोस्ट जारी की गई। इसमें नेतन्याहू ने कहा कि उन्हें ये जानकर अच्छा लगा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के अब तक के सबसे अच्छे मित्र सुरक्षित हैं और हमलावर कुछ बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा पाया। उसे खत्म कर दिया गया।
उन्होंने आगे कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की बार-बार कोशिश हुई है। इस राजनीतिक हिंसा की स्पष्ट और कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए।
शनिवार शाम गोलीबारी करने वाले हमलावर को सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने जवाबी फायरिंग में मार गिराया। इस गोलीबारी में एक राहगीर भी घायल हुआ। उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। करीब 6 बजे 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू एनडब्ल्यू के पास ही वारदात हुई। ये इलाका व्हाइट हाउस और आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग के करीब है।
सीक्रेट सर्विस ने बताया कि उनके अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हमलावर को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बयान में यह भी कहा गया कि गोलीबारी के दौरान एक आम नागरिक भी गोली लगने से घायल हुआ। हालांकि अधिकारियों को कोई चोट नहीं आई।
घटना के बाद कुछ समय के लिए पूरे व्हाइट हाउस परिसर को लॉकडाउन कर दिया गया। हथियारबंद सीक्रेट सर्विस अधिकारी नॉर्थ लॉन में तैनात हो गए और सुरक्षा टीमों ने पत्रकारों और स्टाफ को तेजी से प्रेस ब्रीफिंग रूम में पहुंचाया। सीएनएन के मुताबिक, वहां मौजूद पत्रकारों को अपनी जगह पर ही रहने को कहा गया। एजेंट लगातार 'नीचे झुको' और 'गोली चल रही है' जैसी चेतावनियां दे रहे थे।
व्हाइट हाउस के पास मौजूद पत्रकारों ने बताया कि उन्होंने लगातार कई गोलियों की आवाज सुनी। एलिसन रॉबर्ट, जो द न्यूयॉर्क टाइम्स की फोटोग्राफर हैं, ने टेक्स्ट मैसेज में कहा, "पत्रकारों ने बाहर से गोलियों की आवाज सुनी और फिर सीक्रेट सर्विस ने सभी को जल्दी से अंदर पहुंचाया।"
ट्रंप ने शनिवार की गोलीबारी को अपने नए बॉलरूम निर्माण के पक्ष में आवाज बुलंद करने का मौके की तरह इस्तेमाल किया। ये व्हाइट हाउस के पूर्वी विंग की जगह लेगा।
उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि मारे गए शख्स को शायद एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग के प्रति खास आसक्ति होगी। इसके साथ ही उन्होंने सीक्रेट सर्विस कर्मियों की प्रशंसा की जिन्होंने बिना वक्त गंवाए ठोस कार्रवाई की। आगे लिखा- ये वारदात बताती है कि आने वाले सभी राष्ट्रपति के लिए यह कितना जरूरी है कि वाशिंगटन डीसी में मौजूद इस स्थल को सुरक्षित बनाया जाए। हमारे देश की नेशनल सिक्योरिटी इसकी मांग करती है!
--आईएएनएस
केआर/
