Aapka Rajasthan

टीम की जरूरत को देखते हुए मेरा पहला शतक एकदम सही समय पर आया: श्रेयस अय्यर

लखनऊ, 24 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 68वें मुकाबले में शनिवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए करो या मरो मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी)के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की। श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए शतक लगाया और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे। जीत के बाद अय्यर ने कहा कि उनके बल्ले से सीजन का पहला शतक टीम की जरूरत को देखते हुए एकदम सही समय पर आया।
 
एलएसजी के खिलाफ मिली जीत के बाद अय्यर ने कहा, "सच कहूं तो मैं बहुत खुश हूं। यह इस सीजन का मेरा पहला शतक है और यह सही समय पर आया जब टीम को इसकी जरूरत थी। लगातार छह हार के बाद आखिरकार हम जीत गए। यह एक बहुत अच्छी बात है और हम अब रविवार को मुंबई इंडियंस को सपोर्ट करेंगे।"

अय्यर ने टीम के गेंदबाजों के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा,"गेंदबाजों के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। अजमतुल्लाह उमरजई ने शानदार गेंदबाजी की। पहले ओवर में ही उन्होंने एक विकेट लेने के साथ-साथ अहम रन भी बचाए। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में शायद 23 या फिर अगर मैं गलत नहीं हूं, तो 26 रन दिए। युजवेंद्र चहल ने बीच के ओवरों में आकर बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने रन रोकने के साथ-साथ ऋषभ पंत का बड़ा विकेट भी चटकाया। पिछले मैच में काफी रन खर्च करने के बाद उन्होंने इस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की, जिससे उनकी काबिलियत पता लगती है।"

पंजाब किंग्स के कप्तान ने आगे कहा, "मुझे पता है कि अगर मैं खुद को क्रीज पर थोड़ा समय दूं और गेंद को जितना हो सके उतना टाइम करूं, बजाय इसके कि गेंद के ऊपर जाकर अच्छी गेंदों पर रन बनाने की कोशिश करूं, तो मेरे लिए बेहतर रहेगा। मुझे लगा कि मैं क्रीज पर जितना ज्यादा समय बिताऊंगा, उतना ही मेरे लिए अच्छा रहेगा, क्योंकि मेरे बल्ले से रन निकल रहे थे। प्रभसिमरन ने जिस तरह गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाया, वह शानदार था। उन्होंने हम सभी को दिखाया कि वह किस काबिल हैं। उनके द्वारा खेले गए शॉट्स को देखकर अच्छा लगा। जब आप मैच खत्म करते हैं और शतक बनाते हैं, तो यह एक शानदार एहसास होता है। हर बल्लेबाज इसका सपना देखता है। आज उन दिनों में से एक था, जब मुझे निजी तौर पर बहुत अच्छा महसूस हुआ।"

लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 196 रन लगाए। टीम की ओर से जोश इंग्लिस ने 44 गेंदों में 72 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि आयुष बदोनी ने 18 गेंदों में 43 और अब्दुल समद ने 20 गेंदों में 37 रन बनाए। हालांकि, पीबीकेएस ने 197 रनों के लक्ष्य को 18 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर ने 51 गेंदों में 101 रनों की नाबाद पारी खेली, तो प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 69 रनों का योगदान दिया। इस जीत के साथ ही पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।

--आईएएनएस

एसएम/एएस