Aapka Rajasthan

सशस्त्र सेना झंडा दिवस, सीडीएस व नौसेना प्रमुख ने सशस्त्र बलों के समर्पण को किया नमन

नई दिल्ली, 7 दिसंबर (आईएएनएस) सशस्त्र सेना झंडा दिवस 2025 के अवसर पर देशभर में सेना, नौसेना और वायुसेना के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इस अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ व नौसेना प्रमुख समेत देश के शीर्ष सैन्य नेतृत्व और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
 
साथ ही सशस्त्र बलों के फ्लैग डे फंड में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने सभी भारतीय सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के सभी रैंक देश की रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा में अद्वितीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों की अटूट निष्ठा, अदम्य साहस और निरंतर सेवा भावना ने राष्ट्र को हर मोर्चे पर सुरक्षित रखा है। देश उनके पराक्रम और बलिदानों के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।

नौसेना अध्यक्ष एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी तथा भारतीय नौसेना के सभी अधिकारी और कर्मियों ने इस दिवस पर राष्ट्र की रक्षा में योगदान देने वाले सैनिकों, नौसैनिकों और वायु योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने इस मौके पर कहा कि नौसेना वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण के प्रति संकल्पबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना एक विकसित और सुरक्षित भारत के निर्माण में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करती रहेगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बल फ्लैग डे के अवसर पर सशस्त्र बलों के पराक्रम को सलाम किया। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों का साहस और त्याग राष्ट्र की सुरक्षा का प्रतीक है। उनकी निस्वार्थ सेवा ऐसे ऋण की याद दिलाती है जिसे देश कभी चुका नहीं सकता। उन्होंने सभी नागरिकों से सशस्त्र बल फ्लैग डे में उदारतापूर्वक योगदान देने की अपील की।

रक्षामंत्री ने कहा कि यह सहयोग उन योद्धाओं और उनके परिवारों के साथ खड़े होने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जो देश की सुरक्षा में सदैव तत्पर रहते हैं। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस हमारे वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की त्यागमयी सेवा को राष्ट्रीय सम्मान देने का दिन है।

उन्होंने केंद्रीय सैनिक बोर्ड के सचिव वीएसएम ब्रिगेडियर डी.एस. बसेरा द्वारा ध्वज लगाए जाने को अपने लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। संजय सेठ ने देशवासियों से आग्रह किया कि वे उदारतापूर्वक सशस्त्र बल फ्लैग डे में सहयोग देकर इस महत्वपूर्ण कल्याणकारी अभियान को सशक्त बनाएं।

--आईएएनएस

जीसीबी/एएस