सभी धर्मों के लोग मिलकर 2026 में बंगाल से ममता बनर्जी की करेंगे विदाई: अग्निमित्रा पॉल
कोलकाता, 7 दिसंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की ममता सरकार विभाजन की राजनीति कर रही हैं और जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने कहा कि 2026 के चुनाव में सभी धर्म के लोग मिलकर बंगाल से ममता बनर्जी के विदाई के लिए वोट करेंगे।
भाजपा नेता का यह बयान उस वक्त आया है, जब रविवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भगवद गीता का सामूहिक पाठ किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में 5 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि गीता हमेशा इंसान की भलाई का रास्ता दिखाती है और क्योंकि भगवान हमेशा मौजूद नहीं रह सकते, इसलिए भगवान के दूत पीएम मोदी हमारे साथ हैं। वह कहते हैं 'सबका साथ, सबका विकास,' इसलिए हमें साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहिए। अगर सीएम ममता बनर्जी हिंदुओं के साथ गलत बर्ताव करती हैं, तो उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा। बंगाल के लोग ऐसी सरकार चाहते हैं जो न्याय दे। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि लोगों को न्याय भाजपा और पीएम मोदी की नेतृत्व वाली सरकार ही दे सकती है।
गीता पाठ का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि बंगाल में आज का गीता पाठ बहुत महत्वपूर्ण है। गीता सिर्फ हिंदुओं के लिए पवित्र किताब नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया में इंसानी जिंदगी के लिए एक गाइड है। ममता बनर्जी धर्म के साथ राजनीति कर रही हैं। जिस तरह से उनके निलंबित विधायक का बयान सामने आया, इसे लेकर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने सवाल किया कि जो असंवैधानिक बयान देते हैं, उन पर ममता बनर्जी की सरकार कार्रवाई करने से क्यों डर रही है?
वहीं भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि पांच हजार साल पहले भगवान ने गीता की शिक्षाएं दी थीं और तब से इसका अध्ययन जारी है। बंगाल में हिंदू समुदाय खुद को असुरक्षित महसूस करता है, इसीलिए पिछले तीन साल से सामूहिक गीता पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
भाजपा कार्यकर्ता सप्तर्षि बनर्जी ने कहा कि आज कृष्ण एकादशी है, जिसे सनातनी परंपरा में शुभ दिन माना जाता है। इसलिए आज बंगाल में गीता पाठ का आयोजन किया जा रहा है। यह आध्यात्मिक जागृति के लिए आयोजित किया जा रहा है और इसमें कई लोग मौजूद रहेंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
